सस्ते ड्राई फ्रूट बेचने वाली ठग गैंग गिरफ्तार:डीग पुलिस ने 7 ठगों, 2 बाल अपचारियों को पकड़ा, 6 करोड़ की ठगी का अनुमान

डीग एसपी ओमप्रकाश मीणा के निर्देश पर कैथवाड़ा पुलिस ने ‘ऑपरेशन एंटीवायरस’ अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने जाजमका के पहाड़ की तलहटी में दबिश देकर सस्ते ड्राई फ्रूट्स और कपड़े बेचने के नाम पर ठगी करने वाले एक बड़े साइबर गैंग का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में 7 साइबर ठगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि 2 बाल अपचारियों को निरुद्ध किया गया है। पकड़े गए आरोपियों के पास से 9 मोबाइल फोन, 11 फर्जी सिम कार्ड और एक पिकअप गाड़ी बरामद की गई है। यह गैंग सोशल मीडिया पर सक्रिय रहकर लोगों को सस्ते दामों में ड्राई फ्रूट्स और कपड़े बेचने का झांसा देकर ठगी करता था। वे डिलीवरी और कूरियर चार्ज के नाम पर पैसे डलवा लेते थे, लेकिन न तो सामान भेजते थे और न ही पैसे वापस करते थे। ठग पहले किसी शहर की प्रसिद्ध दुकान के विज्ञापन को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से सेव करते थे। फिर उस विज्ञापन पर अपना नंबर डालकर उसे उसी शहर की लोकेशन के अनुसार प्रसारित करते थे। जो लोग विज्ञापन देखकर संपर्क करते थे, उनसे डिलीवरी चार्ज के नाम पर पैसे ऐंठ लिए जाते थे। बताया जा रहा है कि यह गैंग पिछले पांच वर्षों से सक्रिय था और अब तक देश के कई राज्यों में 2 हजार से अधिक लोगों से अनुमानित 6 करोड़ रुपए की ठगी कर चुका है। कैथवाड़ा पुलिस पकड़े गए ठगों की संपत्ति के बारे में भी जानकारी जुटा रही है। यदि यह संपत्ति साइबर ठगी की रकम से अर्जित की गई है, तो नए कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी साइबर ठगों से गहनता से पूछताछ कर रही है कि वे फर्जी सिम कार्ड कहां से लाते थे और किस तरह बैंकों से पैसे निकालते थे। एसपी ओमप्रकाश मीणा के निर्देशन में साइबर ठगो को पकड़ने के लिए ऑपरेशन एंटीवायरस अभियान चलाया जा रहा है। जिसके तहत डीग जिले की पुलिस साइबर ठगो के खिलाफ सख्त कदम उठाते हुए कार्रवाई कर रही है और जो भी क्षेत्र में साइबर ठगी हॉट स्पॉट गांव है। उनको चिह्नित करके कार्रवाई को आजम देकर ठगो को सलाखों के पीछे डाल रही है

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *