रिश्तेदार के अंतिम संस्कार से लौटते वक्त हादसा:गुमला में बोलेरो की टक्कर से स्कूटी सवार युवक की मौत, चालक मौके से हुआ फरार

गुमला जिले के सदर थाना क्षेत्र में शनिवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 21 वर्षीय स्कूटी सवार युवक की जान चली गई। घटना पालकोट रोड स्थित एफसीआई गोदाम के पास हुई, जहां पीछे से आ रही एक बोलेरो ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में पंडरिया निवासी मोतीलाल साहू के पुत्र चंद्रेश साहू की मौके पर ही गंभीर हालत हो गई। परिजन उन्हें तत्काल सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पूरे परिवार में कोहराम मच गया। मौसी को छोड़कर लौट रहा था घर परिजनों के अनुसार चंद्रेश साहू अपने एक रिश्तेदार के अंतिम संस्कार में सरजू टोली गांव गए थे। वहां से वे अपनी मौसी को बघिमा पाहन टोली छोड़ने के बाद स्कूटी से अपने फुआ के घर केसिपारा लौट रहे थे। इसी दौरान एफसीआई गोदाम के समीप पीछे से तेज रफ्तार में आ रही बोलेरो ने उनकी स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो का अगला चक्का फट गया, इसके बावजूद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। बताया गया कि चंद्रेश स्कूटी से आगे चल रहे थे, जबकि परिवार के अन्य सदस्य बाइक से कुछ दूरी पर पीछे आ रहे थे। हादसे के बाद सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बेंगलुरु में करता था नौकरी, पुलिस जांच में जुटी चंद्रेश साहू बेंगलुरु में सिक्योरिटी गार्ड के रूप में काम करते थे और 10 जनवरी को छुट्टी लेकर घर आए थे। अचानक हुई इस घटना से गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को सदर अस्पताल लाया गया। रविवार को सदर थाना के एसआई ने शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है और फरार बोलेरो चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच कर रही है, ताकि आरोपी वाहन और चालक का सुराग मिल सके। यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों की याद दिलाता है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *