धौलपुर में बारिश के बाद बढ़ी सर्दी:सरसों और आलू की फसल को नुकसान की आशंका, किसान चिंतित

धौलपुर जिले में पिछले 15 दिनों से मौसम का मिजाज लगातार खराब बना हुआ है। कभी धूप तो कभी बादलों की आवाजाही के बाद अब रुक-रुक कर हो रही बारिश ने ठंड को और बढ़ा दिया है। शनिवार रात हुई बारिश के बाद जिले में कड़ाके की सर्दी का असर साफ देखा जा रहा है। ठंडी हवाओं और नमी के कारण आमजन के साथ-साथ पशु-पक्षियों की दिनचर्या भी प्रभावित हो रही है। सुबह-शाम गलन का असर तेज हो गया है, जिससे लोग घरों में दुबकने को मजबूर हैं। स्कूल जाने वाले विद्यार्थियों को भी सर्दी के कारण काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मौसम के इस बदले स्वरूप का सीधा असर कृषि कार्यों पर पड़ रहा है। किसानों का कहना है कि शुरुआती दौर की मावठ (हल्की बारिश) गेहूं, सरसों, चना, मटर और आलू की फसलों के लिए काफी फायदेमंद रही थी। इससे फसलों की बढ़वार अच्छी हुई और उत्पादन की उम्मीद भी बढ़ी थी। लेकिन वर्तमान समय में लगातार बदलते मौसम और बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। खासतौर पर सरसों की फसल इस समय पकाव की अवस्था में है, ऐसे में बारिश और अधिक नमी से फसल को भारी नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। वहीं, आलू की फसल भी सड़न और विभिन्न रोगों की चपेट में आने लगी है।
उधर, मौसम विभाग ने आगामी दिनों में भी मौसम खराब रहने और हल्की बारिश के आसार जताए हैं, जिससे किसानों की चिंता और बढ़ गई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *