दतिया के भांडेर थाना अंतर्गत टीवी टावर मोहल्ले में एक महिला ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतिका की पहचान हीरा पत्नी प्रीतम दोहरे निवासी टीवी टावर मोहल्ला के रूप में हुई है। महिला शनिवार दोपहर से लापता थी। परिजन उसकी तलाश में जुटे हुए थे, इसी दौरान रविवार सुबह करीब 9 बजे राहगीरों ने मोहल्ले में बने रिश्तेदार के खाली मकान में महिला को फांसी के फंदे पर लटका देखा। इसकी सूचना तुरंत परिजनों और पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि महिला ने रस्सी का फंदा बनाकर बीम के पिलर से फांसी लगाई थी। पुलिस ने शव को फंदे से उतरवाकर कब्जे में लिया और पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भांडेर अस्पताल भेजा। बताया गया है कि मृतका के दो बच्चे हैं। एक बेटा और एक बेटी है। बेटा पानी-पूरी का ठेला लगाता है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। भांडेर थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और आत्महत्या के कारणों की जांच में जुटी हुई है।


