रींगस में स्थित राजकीय उप जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं को सुधारने के लिए मंगलवार को विधायक सुभाष मील खंडेला की अध्यक्षता में मेडिकल रिलीफ सोसायटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में नर्सिंग अधिक्षक अशोक शर्मा ने बताया कि अस्पताल में नर्सिंगकर्मियों की गंभीर कमी है, जिससे मरीजों के उपचार में कई परेशानियां आ रही हैं। अस्पताल में कुल स्वीकृत नर्सिंग पदों में से 33 पद खाली हैं। इसके अलावा पीएमआर की अनुपस्थिति में पोस्टमार्टम और सफाईकर्मियों की कमी से स्वच्छता व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है। मौजूदा मॉर्च्युरी की स्थिति भी जर्जर है, जहां शवों को चूहों के कुतरने की घटनाएं सामने आई हैं। विधायक खंडेला ने इन समस्याओं के समाधान का आश्वासन देते हुए कहा कि एक माह के भीतर रिक्त पदों पर भर्तियां की जाएंगी। उन्होंने बताया कि आधुनिक मोर्चरी के निर्माण के लिए सरकार को प्रस्ताव भेजा गया है, जिसमें डी-फ्रीजर की सुविधा भी होगी। अस्पताल के मुख्य मार्ग पर जलभराव की समस्या के समाधान के लिए नगर पालिका के साथ समन्वय किया जा रहा है। अस्पताल के पीएमओ डॉ. रामवतार दायमा ने आश्वस्त किया कि विधायक के आश्वासन के बाद जल्द ही अस्पताल की व्यवस्थाएं सुधर जाएंगी। विधायक का लक्ष्य है कि उप जिला अस्पताल को मॉडल हॉस्पिटल के रूप में विकसित किया जाए, जहां मरीजों को समय पर बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिल सकें। इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर सीकर रतन लाल, उपखंड अधिकारी बृजेश कुमार गुप्ता ब्लॉक, ब्लॉक सीएमएचओ डॉ. नरेश पारीक, हॉस्पिटल के वरिष्ठ सर्जन डॉ. जितेंद्र यादव, डॉ. मनीष मीणा सहित अनेक चिकित्सा अधिकारी, कर्मचारी, मेडिकल रिलीफ सोसायटी के सदस्य आदि उपस्थित थे।


