रीट परीक्षा:कल बाड़मेर व बालोतरा के 59 केंद्रों पर 21400 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा

बाड़मेर व बालोतरा जिले में रीट की परीक्षा कल गुरुवार से शुरू होगी। प्रदेश सहित दोनों जिलों में 27 फरवरी को दो और 28 फरवरी को एक पारी में परीक्षा का आयोजन होगा। इसमें दोनों जिला के 59 परीक्षा केंद्रों पर 21400 परीक्षार्थी शामिल होंगे। इसको लेकर बाड़मेर व बालोतरा दोनों जिलों में कलेक्टरों ने बैठक लेकर अधिकारियों को व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए है। इस बार परीक्षा में पूर्व परीक्षाओं के दौरान संदिग्ध रहे कार्मिकों की ड्यूटी नहीं लगाई हैं। इसके अलावा अभ्यर्थियों का फेस रिकग्निशन व आईडी कार्ड जांच के बाद परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा। नकल प्रकरणों को रोकने के लिए इस बार प्रशासन ने चाक चौबंद व्यवस्था करने में जुटा हुआ है। इसको लेकर वीक्षकों का प्रशिक्षण पूरा हो गया है और अब ड्यूटी आवंटन बाकी रहा है। इसको लेकर कलेक्टरों ने संबंधित नोडल व प्रभारी अधिकारियों की नियुक्ति कर दी है। परीक्षा समय से एक घंटा पहले परीक्षार्थियों को केंद्र में प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। रीट परीक्षा को लेकर बाड़मेर जिले में 48 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा में जिले के 13488 परीक्षार्थी शामिल होंगे। इसी तरह बालोतरा जिले में कुल 11 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें 7912 परीक्षार्थी दो दिन परीक्षा में शामिल होंगे। बाड़मेर जिले में परीक्षा को लेकर रोडवेज की स्पेशल बसें चलेगी राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम बाड़मेर आगार की ओर से 27 एवं 28 फरवरी 2025 को आयोजित होने वाली रीट परीक्षा 2024 के दौरान परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए विशेष बस सेवाओं का संचालन किया जाएगा। बाड़मेर आगार प्रबंधक ओमप्रकाश चौधरी ने बताया कि विशेष बस सेवाओं का उद्देश्य रीट परीक्षा 2024 में भाग लेने वाले परीक्षार्थियों को समय पर परीक्षा केंद्र तक पहुंचाना है। इससे परीक्षार्थियों को यात्रा संबंधी किसी भी प्रकार की असुविधा से बचाया जा सकेगा। रीट परीक्षा के दौरान 27 फरवरी को बस प्रस्थान का समय सुबह 5 बजे रहेगा। रामसर से बाड़मेर, गुड़ामालानी से बाड़मेर, चौहटन से बाड़मेर, सेड़वा से बाड़मेर, शिव से बाड़मेर, गडरारोड से बाड़मेर एवं धोरीमन्ना से बाड़मेर मार्ग निर्धारित रहेगा। शहर में भी टेम्पो, मिनी बस के 9 रूट तय बाड़मेर शहर में रीट परीक्षा को लेकर परीक्षार्थियों को आने-जाने के लिए तथा परीक्षा केन्द्रों तक पहुंचने के लिए आवागमन के साधन उपलब्ध करवाने के लिए जिला परिवहन अधिकारी ने दो परिवहन निरीक्षक को नियुक्त किया है। जिला परिवहन अधिकारी अक्षय विश्नोई ने बताया कि परीक्षार्थियों को परीक्षा केन्द्रों तक पहुंचने के लिए बस, मिनी बस, टैक्सी व टेम्पो के माध्यम से आवागमन के लिए वाजिब किराए पर उपलब्ध करवाने के लिए पीजी कॉलेज के परिसर में 27 व 28 फरवरी को 9 रूटों पर बस व टेम्पो की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। जिला परिवहन अधिकारी ने बताया पीजी कॉलेज परिसर बाड़मेर से महाबार, शिवकर के लिए 1-1 बस, कुर्जा- उण्डखा- रानीगांव के लिए 2 बस, रामसर रोड- मारूड़ी- लंगेरा- जसाई के लिए 3 बस, चवा-रावतसर के लिए 2 बस, कवास के लिए 2 बस, हरसाणी फांटा- चूली- भादरेश के लिए 2 बस एवं कपूरड़ी-भाडखा के लिए 2 बस तथा कॉलेज परिसर से बाड़मेर आगौर के लिए टेम्पो की व्यवस्था की गई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *