रील बनाने के लिए रेलवे ट्रैक पर पहुंचा युवक:सोशल मीडिया पर वायरल होने के लिए जान जोखिम में डाली

उज्जैन रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 8 के पास एक युवक रेलवे ट्रैक पर चलते हुए रील बनाता नजर आया। युवक अपने साथियों के साथ मोबाइल कैमरे के सामने वीडियो शूट कर रहा था, तभी किसी ने इस पूरी हरकत को रिकॉर्ड कर लिया। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में युवक रेलवे पटरी पर चलता हुआ स्टेशन की ओर लौटता दिखाई दे रहा है। जब मौके पर मौजूद लोगों ने उससे पूछा कि इस तरह की हरकत करना गलत है और इससे बड़ा हादसा हो सकता है, तो युवक घबरा गया और कोई जवाब नहीं दे पाया। वीडियो के आधार पर की गई पड़ताल में सामने आया कि युवक झाबुआ जिले का निवासी है। वह अपने साथियों के साथ मुंबई जाने के लिए इंदौर के रास्ते उज्जैन पहुंचा था। जब उससे दोबारा रेलवे ट्रैक पर जान जोखिम में डालने को लेकर सवाल किया गया, तो वह शर्मिंदा हो गया और बिना नाम बताए वहां से भाग निकला। इस मामले पर उज्जैन जीआरपी पुलिस के थाना प्रभारी निरीक्षक अमित भावसार ने बताया कि प्लेटफार्म या पटरी पर खतरनाक हरकत करते पाए जाने वाले व्यक्ति को पहले समझाइश दी जाती है। जीआरपी द्वारा ‘पटरी की पाठशाला’ अभियान भी चलाया जा रहा है, जिसके तहत कॉलोनियों और स्टेशन क्षेत्रों में यात्रियों को रेलवे सुरक्षा प्रोटोकॉल की जानकारी दी जाती है। थाना प्रभारी ने यह भी कहा कि यदि कोई व्यक्ति बार-बार या जानबूझकर नियमों का उल्लंघन करता है, तो उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाती है। यह घटना सोशल मीडिया पर कुछ क्षण की लोकप्रियता के लिए अपनी जान जोखिम में डालने के गंभीर परिणामों की ओर इशारा करती है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *