मेरठ में बाइक सवार रेलवे कर्मचारी की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। चाकू मारने के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क किनारे तड़प रहा था। गर्दन से खून बह रहा था। हिचकी भी आ रही थी। आसपास के लोगों ने देखा तो उसका वीडियो बनाया। पुलिस को सूचना दी। गंभीर रूप से घायल रेलवे कर्मचारी को पहले सीएचसी पहुंचाया गया। वहां से मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया गया। वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। हमलावर कौन थे, यह सामने नहीं आया है। पुलिस तलाश में जुट गई है। यह घटना रविवार की देर रात करीब 10:30 बजे मुंडाली थाना क्षेत्र की है। रेलवे कर्मचारी की पहचान विवेक कुमार (28) पुत्र महेंद्र के रूप में हुई है। वह मेरठ के खरखाैदा रेलवे स्टेशन पर चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी था। पुलिस को राहगीरों ने बताया कि विवेक बाइक से जा रहा था। रास्ते में उसे तीन बाइक सवारों ने रोका और चाकू से सीने पर हमला कर दिया। लोग जब तक कुछ समझते तब हमलावर भाग गए। यह 2 तस्वीर देखिए… रविवार देर शाम हर रोज की तरह विवेक ड्यूटी के लिए बाइक से निकला। मुंडाली-अजराड़ा संपर्क मार्ग पर एक बाइक पर सवार होकर आए तीन बदमाशों ने ओवरटेक कर विवेक की बाइक रुकवा ली। उससे मारपीट की और फिर चाकू से सीने पर वार कर दिया। वारदात कर बदमाश फरार हो गए। परिजनों ने अज्ञात के खिलाफ दी तहरीर
पुलिस ने विवेक पर हुए हमले की सूचना परिजनों को दी तो वह बिलखते हुए मेडिकल कॉलेज आ गए। तब तक विवेक की मौत हो चुकी थी। ग्रामीणों का मेडिकल में पहुंचना शुरु हो गया। इसके बाद परिजनों ने वारदात को लेकर हंगामा कर दिया। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने किसी तरह परिजनों को शांत किया। इसके बाद परिजनों ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ तहरीर दी।


