रीवा के एजी कॉलेज परिसर में शुक्रवार को एक साथ दो अजगर दिखाई दिए। कॉलेज ग्राउंड फ्लोर में मिले इन अजगरों को देखने के बाद छात्रों और स्टाफ में दहशत फैल गई। कॉलेज प्रबंधन ने तत्काल वन विभाग और सर्प मित्र को सूचना दी, इसके बाद सर्प मित्र ने मौके पर पहुंचकर दोनों अजगरों का सुरक्षित रेस्क्यू किया। 10 और 7 फीट लंबे थे अजगर
सर्प मित्र नसीम अंसारी ने बताया कि एक अजगर की लंबाई लगभग 10 फीट और दूसरे की 7 फीट थी। ये दोनों भारतीय रॉक पायथन प्रजाति के हैं, जो जहरीले नहीं होते। लेकिन अपनी ताकत से शिकार को जकड़कर हड्डियां तोड़ने की क्षमता रखते हैं। उन्होंने सावधानीपूर्वक दोनों अजगरों को पकड़ा और प्लास्टिक की बोरी में डालकर वन विभाग को सौंप दिया। कॉलेज प्राचार्य सनद त्रिपाठी ने बताया कि दोनों अजगर कॉलेज के ग्राउंड फ्लोर में देखे गए थे। सर्प मित्रों ने अपील की कि यदि इस तरह के कोई जंगली जानवर या सांप दिखें, तो घबराने के बजाय तुरंत वन विभाग या सर्प विशेषज्ञों को सूचित करें।


