रीवा जिले के सेमरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत एक 16 वर्षीय किशोरी से पहले दोस्ती उसके बाद प्यार फिर शारीरिक शोषण किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता द्वारा मामले की शिकायत शुक्रवार को सेमरिया थाने में दर्ज कराई गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के संबंध में एसडीओपी सिरमौर उमेश प्रजापति ने जानकारी देते हुए बताया कि एक युवती थाने आई थी और पड़ोस के युवक द्वारा ही शारीरिक शोषण किए जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस को दिए गए बयान में किशोरी ने बताया कि पड़ोस में रहने वाले युवक से उसकी तकरीबन एक वर्ष से दोस्ती थी। युवती के मुताबिक दोस्ती प्यार में बदली और फिर धोखा देकर आरोपी युवक ने उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। पीड़िता ने इसकी जानकारी परिजनों को दी जिसके बाद परिजन किशोरी को लेकर सेमरिया थाने पहुंचे हैं। जहां युवक के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। फिलहाल पुलिस ने मामले को जांच में लेते हुए किशोरी का मेडिकल परीक्षण कराया है और युवक की तलाश शुरू कर दी है।


