रीवा के हिनौती गांव में गुरुवार रात एक चोर को पकड़कर ग्रामीणों ने पेड़ से बांध दिया। चोरी की वारदात को अंजाम देने के बाद चोर भाग रहे थे, इसी दौरान एक चोर पकड़ में आ गया जबकि उसके साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। ग्रामीणों की सतर्कता से दबोचे गए बदमाश की पहचान प्रिंस चतुर्वेदी के रूप में हुई है। वारदात के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने उसे पेड़ से बांधकर रखा और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने बदमाश को हिरासत में लिया। स्कूटी में मिले हथियार, वारदात की तैयारी का खुलासा ग्रामीणों ने बदमाशों की स्कूटी भी मौके पर पकड़ ली, जिसकी तलाशी लेने पर उसमें से धारदार हथियार बरामद किए गए। इससे साफ है कि बदमाश चोरी के साथ किसी बड़ी वारदात की फिराक में भी थे। इनामी बदमाश फरार ग्रामीणों का आरोप है कि इस गिरोह में इनामी बदमाश आलोक चतुर्वेदी और सचिन जायसवाल भी शामिल थे, जो मौके से फरार हो गए। ग्रामीणों का कहना है कि यही बदमाश कुछ दिन पहले स्थानीय युवक अनुराग मिश्रा पर जानलेवा हमला भी कर चुके हैं।इनामी घोषित होने के बावजूद बदमाशों की खुलेआम गतिविधियां पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं। ग्रामीणों का साफ कहना है कि अगर वे खुद बदमाश को न पकड़ते और खंभे से न बांधते, तो शायद एक और बड़ी वारदात हो जाती। लोगों का आरोप है कि पुलिस की सुस्ती के चलते बदमाश बेखौफ हो चुके हैं। फरार आरोपियों की तलाश जारी गढ़ पुलिस का कहना है कि फरार बदमाशों की तलाश के लिए टीमें लगाई गई हैं और जल्द ही पूरे गिरोह को गिरफ्तार किया जाएगा। ग्रामीणों द्वारा पकड़े गए व्यक्ति के संबंध में छानबीन की जा रही है।


