रीवा के खैरहा गांव (पोस्ट बैकुंठपुर) में एक नवविवाहिता का शव संदिग्ध हालत में फांसी के फंदे पर लटका मिला है। मृतका की पहचान प्रिया पाठक पत्नी दिलीप मिश्रा (पिता- जगदंबा प्रसाद मिश्रा) के रूप में हुई है। घटना के बाद मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज प्रताड़ना और हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि शादी के बाद से ही प्रिया को दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। आए दिन पैसों और अन्य सामान की मांग को लेकर विवाद होता था। इससे मानसिक रूप से परेशान होकर प्रिया ने यह कदम उठाया। पिता ने जताई हत्या की आशंका मृतका के पिता राम रहीश पाठक ने घटना को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं, ससुराल पक्ष ने सभी आरोपों को निराधार बताया है। पीएम रिपोर्ट से होगा खुलासा पुलिस का कहना है कि मामला संवेदनशील है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल मायके पक्ष के आरोपों के आधार पर पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।


