रीवा में युवक का शव पेड़ से लटका मिला:परिजनों ने हत्या की आशंका जताई, पुलिस ने संदिग्ध से पूछताछ शुरू की

रीवा जिले से सोमवार को एक संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है, जहां एक युवक का शव पेड़ से फांसी के फंदे पर लटका मिला। शव की पहचान ज्ञानु रजक, पिता रामखेलावन रजक, के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। परिजनों के अनुसार, ज्ञानु रजक को रीवा से शंभू रजक दुआरी की ओर ले जाया गया था। बताया गया है कि कुछ ही समय बाद गांव के बाहर एक पेड़ में ज्ञानु का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। परिजन मौके पर पहुंचे और मामले को संदिग्ध बताते हुए हंगामा किया। ज्ञानु की पत्नी और उसके ससुर लल्लू रजक ने घटना को आत्महत्या मानने से इनकार किया है। उनका कहना है कि ज्ञानु की हत्या कर शव को पेड़ से लटकाया गया है ताकि इसे आत्महत्या का रूप दिया जा सके। परिजनों ने शंभू रजक पर गंभीर आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा किया जा सकेगा। फिलहाल शंभू रजक से पूछताछ की जा रही है और परिजनों के आरोपों को भी जांच के दायरे में लिया गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *