रीवा में रूम हीटर में शॉर्ट सर्किट से लगी आग:लाखों का सामान जलकर खाक, छत से कूदकर परिवार ने बचाई जान

रीवा के सुंदर नगर इलाके में गुरुवार देर रात PHE ठेकेदार शिवेंद्र तिवारी के घर अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि घर में मौजूद पूरे परिवार को जान बचाने के लिए छत से नीचे कूदना पड़ा। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन घर का कीमती सामान जलकर खाक हो गया। देर रात मची अफरा-तफरी घटना गुरुवार देर रात की है, जब घर के एक कमरे में रखा रूम हीटर अचानक शॉर्ट सर्किट के कारण आग पकड़ बैठा। कुछ ही मिनटों में आग ने पूरे कमरे को अपनी चपेट में ले लिया और फिर पूरे घर में फैल गई। धुएं और लपटों से घर के अंदर कुछ भी दिखाई देना बंद हो गया। बाहर निकलने का रास्ता बंद, छत से कूदकर बची जान आग तेजी से फैलने के कारण परिवार के सदस्यों के पास बाहर निकलने का कोई सुरक्षित रास्ता नहीं बचा। हालात को देखते हुए सभी ने छत से नीचे कूदकर अपनी जान बचाई। स्थानीय लोगों की मदद से सभी सुरक्षित बाहर आ सके। लाखों का नुकसान, कीमती सामान जला आगजनी की इस घटना में घर में रखा एसी, टीवी, दो आईफोन, फर्नीचर और कई जरूरी दस्तावेज पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए। आग से लाखों रुपए के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। घर के किचन में रखे तीन गैस सिलेंडरों को लेकर सबसे ज्यादा खतरा बना हुआ था। यदि आग समय रहते नहीं बुझती, तो बड़ा धमाका हो सकता था और आसपास के घर भी इसकी चपेट में आ सकते थे। फायर ब्रिगेड ने पाया काबू घटना की सूचना मिलते ही विश्वविद्यालय थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते आग बुझ जाने से सिलेंडर सुरक्षित रहे और बड़ा हादसा टल गया। पुलिस कर रही जांच पुलिस ने मौके का मुआयना कर लिया है और आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग का कारण माना जा रहा है। घटना के बाद सुंदर नगर इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने बिजली उपकरणों और हीटर के इस्तेमाल में विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *