रीवा शहर में कानून-व्यवस्था को खुली चुनौती देते हुए बेखौफ बदमाशों ने दहशत फैलाने वाली वारदात को अंजाम दिया है। बीती रात समान थाना क्षेत्र अंतर्गत स्थित श्रीजी की रसोई नमक रेस्टोरेंट में नकाबपोश बदमाशों के एक गिरोह ने जमकर हंगामा किया। इसका सीसीटीवी फुटेज गुरुवार सुबह सामने आया। आधा दर्जन से अधिक की संख्या में पहुंचे बदमाश लाठी-डंडों से लैस थे और मौके पर पहुंचते ही उन्होंने बिना किसी बातचीत के तोड़फोड़ शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों और पीड़ित दुकानदार के अनुसार, चार गाड़ियों में सवार होकर करीब आठ बदमाश रेस्टोरेंट पहुंचे थे। सभी के चेहरे नकाब से ढके हुए थे। बदमाशों ने सबसे पहले रेस्टोरेंट में रखी कुर्सियों और कांच पर लाठी-डंडों से वार किए। इसके बाद काउंटर को निशाना बनाते हुए भारी नुकसान पहुंचाया गया। तोड़फोड़ के दौरान रेस्टोरेंट में मौजूद स्टाफ और लोग भय के कारण इधर-उधर छिपने को मजबूर हो गए। इतना ही नहीं, बदमाशों ने जाते-जाते हवाई फायरिंग भी की, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग सहम गए और देर रात इलाके में दहशत का माहौल बन गया। पूरी घटना रेस्टोरेंट में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसमें बदमाशों की हरकतें साफ तौर पर देखी जा सकती हैं। पीड़ित दुकानदार ने बताया कि बदमाशों ने न तो किसी से कोई विवाद किया और न ही हमले का कारण बताया। अचानक हुए इस हमले से वह और उनका स्टाफ बुरी तरह सहम गया है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि बदमाशों ने यह वारदात क्यों और किस उद्देश्य से की। मामले को लेकर सीएसपी राजीव पाठक ने बताया कि पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज समेत कई अहम साक्ष्य जुटा लिए हैं। बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। उन्होंने दावा किया कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना के बाद इलाके में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है।


