रीवा में IAS संतोष वर्मा के एक बयान को लेकर विवाद गहरा गया है। ब्राह्मण समाज के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी के आरोप में अधिवक्ताओं ने चोरहटा थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शनिवार को अधिवक्ता आनंद तिवारी सहित कई वरिष्ठ वकील चोरहटा थाना पहुंचे।उन्होंने पुलिस को लिखित आवेदन सौंपते हुए संतोष वर्मा के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की। अधिवक्ताओं का आरोप है कि आईएएस संतोष वर्मा ने सार्वजनिक मंच से ब्राह्मण समाज के लिए अमर्यादित और अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया। इस बयान से समाज में आक्रोश फैल गया है। अधिवक्ताओं का कहना है कि यह मामला केवल एक समाज का नहीं, बल्कि पूरे समुदाय के सम्मान से जुड़ा है।सरकारी पद पर बैठे अधिकारी द्वारा इस तरह की भाषा पद की गरिमा के खिलाफ है। अधिवक्ता आनंद तिवारी ने पुलिस प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द एफआईआर दर्ज नहीं की गई, तो अधिवक्ता संघ सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगा।उन्होंने कहा कि कानून सबके लिए समान है और कोई भी अधिकारी कानून से ऊपर नहीं है। चोरहटा थाना पुलिस ने शिकायत मिलने की पुष्टि की है।हालांकि एफआईआर दर्ज करने को लेकर अभी निर्णय लंबित बताया जा रहा है। वहीं अधिवक्ता समुदाय ने स्पष्ट किया है कि यदि पुलिस कार्रवाई में देरी हुई, तो जिला स्तर पर बड़ा आंदोलन किया जाएगा। अब सभी की नजरें पुलिस प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।


