रीवा SGMH में मासूम की मौत पर हंगामा:चाय से झुलसा था 11 माह का बच्चा; फाइल में नाम गलत, ब्लड ग्रुप भी नहीं बताया

रीवा के संजय गांधी अस्पताल (SGMH) में इलाज में लापरवाही का एक और गंभीर मामला सामने आया है। यहां शुक्रवार देर रात चाय गिरने से 35% झुलसे 11 महीने के मासूम लक्ष्य यादव की इलाज के दौरान मौत हो गई। बच्चे की मौत के बाद आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल में हंगामा कर दिया। उन्होंने डॉक्टरों पर गंभीर आरोप लगाते हुए शव लेने से इनकार कर दिया है और दोषियों पर कार्रवाई की मांग पर अड़ गए हैं। अतरैला थाना क्षेत्र के रहने वाले मृतक बच्चे के पिता लवकुश यादव ने बताया कि इलाज के दौरान कदम-कदम पर लापरवाही बरती गई। एडमिशन फाइल में बच्चे का नाम तक गलत दर्ज किया गया। डॉक्टरों ने परिजनों से ब्लड लाने को कहा, लेकिन यह जानकारी ही नहीं दी कि बच्चे का ब्लड ग्रुप क्या है। परिजन पीयूषमणि यादव ने कहा, “इलाज में भारी लापरवाही हुई है। डॉक्टरों ने हमें अंधेरे में रखा। जब तक कार्रवाई नहीं होती, हम चुप नहीं बैठेंगे।” सीएमओ बोले- विशेषज्ञों की टीम करेगी पीएम
हंगामे और आरोपों को देखते हुए अस्पताल प्रबंधन बैकफुट पर है। सीएमओ डॉ. यत्नेश त्रिपाठी ने बताया कि परिजनों की मांग मान ली गई है। अब बच्चे का पोस्टमॉर्टम विशेषज्ञों की टीम और एफएसएल (FSL) टीम की मौजूदगी में कराया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि लापरवाही के आरोपों की निष्पक्ष जांच की जाएगी। एक हफ्ते से विवादों में है अस्पताल
गौरतलब है कि विंध्य का सबसे बड़ा संजय गांधी अस्पताल बीते एक सप्ताह से लगातार विवादों में है। आए दिन यहां लापरवाही के आरोप लग रहे हैं, लेकिन कार्रवाई के नाम पर अब तक सिर्फ जांच का आश्वासन ही मिल रहा है। इस घटना ने एक बार फिर अस्पताल की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *