रीवा के TRS महाविद्यालय में छात्राओं की स्कॉलरशिप को लेकर शुक्रवार को NSUI के कार्यकर्ताओं ने कॉलेज परिसर में पहुंचकर प्रदर्शन किया। इस दौरान संगठन से जुड़े छात्रों ने नारेबाजी करते हुए कॉलेज प्रशासन से स्कॉलरशिप में हो रही देरी पर जवाब मांगा। NSUI के कॉलेज अध्यक्ष ने प्राचार्य से पूछा कि स्कॉलरशिप समय पर न आने की स्थिति में छात्राओं की मार्कशीट क्यों रोकी जा रही है। प्राचार्य ने स्पष्ट किया कि कॉलेज में मार्कशीट रोकने जैसी कोई प्रक्रिया नहीं है और न ही ऐसा कोई नियम है। उन्होंने कहा कि छात्राओं को अनावश्यक परेशान नहीं किया जाता। प्राचार्य ने बताया कि स्कॉलरशिप से संबंधित तकनीकी त्रुटियों और लंबित मामलों की जानकारी कई बार शासन और उच्च शिक्षा विभाग को भेजी गई है। इस संबंध में भोपाल को भी पत्र प्रेषित किए गए हैं और उनका जवाब आने का इंतजार है। वहीं छात्राओं का कहना है कि स्कॉलरशिप लंबित रहने से उन्हें फीस जमा करने में मुश्किलें आ रही हैं। कई छात्राएं कर्ज लेकर पढ़ाई जारी रख रही हैं, जिसके कारण उन पर आर्थिक बोझ बढ़ गया है। कॉलेज प्रशासन का कहना है कि शासन से स्वीकृति मिलते ही स्कॉलरशिप राशि छात्रों के खातों में भेज दी जाएगी। प्रदर्शन के दौरान की गई बातचीत का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें प्राचार्य ने लंबित मामलों के समाधान का आश्वासन दिया है। कॉलेज प्राचार्य अर्पिता अवस्थी ने कहा कि “स्कॉलरशिप में आई तकनीकी त्रुटियों की जानकारी शासन को भेज दी गई है, जवाब मिलते ही छात्राओं की समस्या का समाधान कर दिया जाएगा।” NSUI कॉलेज प्रभारी नित्कर्ष मिश्रा ने कहा कि “हम सिर्फ इतना चाहते हैं कि कॉलेज की हर छात्रा को उसकी स्कॉलरशिप समय पर मिले जब तक व्यवस्था ठीक नहीं होती, हमारी आवाज जारी रहेगी।”


