अनूपपुर की बिजुरी पुलिस ने अंतरराज्यीय चोरों को पकड़ा:सोने-चांदी की दुकान में चोरी के आरोपी गिरफ्तार; ₹1.75 लाख का माल जब्त

बिजुरी पुलिस ने कपिलधारा कॉलोनी में हुई ज्वेलरी दुकान चोरी का खुलासा करते हुए अंतरराज्यीय गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों से चोरी का करीब 1.75 लाख रुपए का माल भी जब्त किया है। यह मामला 18 नवंबर को सामने आया था, जब कपिलधारा कॉलोनी निवासी विष्णु कुमार सोनी (45) की सोने-चांदी की दुकान से बैंटेक्स के सामान और 2000 रुपए नकद सहित कुल 15,000 रुपए की चोरी हुई थी। फरियादी की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। जांच के दौरान, पुलिस को कपिलधारा कॉलोनी में कुछ संदिग्ध युवक घूमते हुए मिले। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर उन्होंने अपनी पहचान सेनसाय बंसल, गणेश बंसल और अनिल बंसल के रूप में बताई। ये तीनों छत्तीसगढ़ के एमसीबी जिले के केल्हारी थाना क्षेत्र के रोकड़ा गांव के निवासी हैं। आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड खंगालने पर बिजुरी थाने में उनके खिलाफ पहले भी चोरी के मामले दर्ज पाए गए। पूछताछ में उन्होंने दुकान का शटर तोड़कर चोरी करने की बात कबूल की। उनकी निशानदेही पर लक्ष्मी गणेश की चांदी की मूर्ति, दो गोल्डन कलर के बैंटेक्स हार और चोरी के 2000 रुपए नकद बरामद किए गए। पूछताछ में बाइक चोरी का खुलासा पूछताछ के दौरान, आरोपी गणेश बंसल ने बाइक चोरी के कई मामलों का भी खुलासा किया। उसने बताया कि उसने अपने साथी अतुल केवट (निवासी पकरिहा) के साथ मिलकर इन चोरियों को अंजाम दिया था। अतुल केवट के कब्जे से तीन चोरी की बाइक्स भी बरामद की गई हैं। इनके दस्तावेज न होने के कारण उन्हें बीएनएसएस की धारा 35(1) और 303(2) के तहत जब्त कर न्यायालय में पेश किया जाएगा। पहले से दर्ज हैं मामले इस कार्रवाई में बिजुरी पुलिस ने कुल 1,75,000 रुपए की चोरी की संपत्ति जब्त की है। गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस के अनुसार, ये सभी शातिर चोर हैं। सेनसाय बंसल के खिलाफ बिजुरी में 4, कोतमा में 3 और मरवाही (छ.ग.) में 1 मामला दर्ज है। अनिल बंसल के खिलाफ बिजुरी में 2 और कोतमा में 1 मामला दर्ज है, जबकि अतुल केवट के खिलाफ बिजुरी में 1 अपराध पंजीबद्ध है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *