सावन के महीने में शहर के दो शिवाला मंदिरों में बाबा भोलेनाथ का रूद्राभिषेक हो रहा है। इसमें एक तो शिवाला बाग भाइयां और दूसरा सिरकी बंदा स्थित शिवाला गंगाराम। यहां सुबह 6 से 9 बजे तक रुद्री पाठ और भोलेनाथ का महाभिषेक किया जा रहा है। शिवाला गंगाराम में और शिवाला बाग भाइयां में महाभिषेक और रूद्र पाठ एक महीना चलेंगे। जिसके अंत में हवन यज्ञ करके शिव भक्त पूर्णाहुति डालेंगे। वीरवार को इन दोनों मंदिरों में बाबा भोले नाथ की पूजा-अर्चना की गई। शिवाला बाग भाइयां में मंदिर ट्रस्टी, प्रधान जतिंदर अरोड़ा और महासचिव संजय अरोड़ा की अध्यक्षता में पूजा हुई। पंडितों ने मंत्रोच्चारण करके शिवलिंग पर जलाभिषेक किया। इसी दौरान शिव भक्तों ने बाबा भोले नाथ का गुणगान किया। वहीं शिवाला गंगा राम में सुबह 6 से 9 बजे तक रुद्राभिषेक और पाठ किया गया। मंदिर कमेटी की ओर से संगत के सहयोग से किए पाठ में कई भक्त पहुंचे। इसी दौरान मंदिर कमेटी के अमन मेहरा, दीनदयाल, अजय मेहरा, विक्रम कपूर और विजय ने कहा कि 18 अगस्त को शिव शक्ति महायज्ञ होगा।


