भास्कर न्यूज | जालंधर राउंड ग्लास बाबा बकाला की टीम ने फाइनल मुकाबले में राउंड ग्लास रूपनगर को 1-0 से हराकर चैंपियनशिप पर कब्जा किया। ओलिंपियन सुरजीत हॉकी स्टेडियम में रविवार को चौथे राउंड ग्लास इंटर-डेवलपमेंट सेंटर हॉकी टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला खेला गया। बाबा बकाला की टीम के कप्तान शमशेर सिंह ने 20वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील कर टीम को जीत दिलाई। फाइनल मुकाबले में दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने बेहतर प्रदर्शन किया। अंतिम क्वार्टर में रूपनगर को लगातार चार पेनल्टी कॉर्नर मिले, लेकिन बाबा बकाला की मजबूत डिफेंस के सामने वे गोल नहीं कर सके। फाइनल में बाबा बकाला के साजनप्रीत सिंह को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। विजेता टीम को सम्मानित करते बलजीत ढिल्लों, कर्नल बलबीर सिंह, राजिंदर सिंह व अन्य। टूर्नामेंट में अलग-अलग कैटेगरी में सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों को कैश अवॉर्ड दिया गया। जिसमें बाबा बकाला के लिए सेमीफाइनल में निर्णायक भूमिका निभाने वाले कृष्णदीप सिंह को सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर, रूपनगर के संगत सिंह को सर्वश्रेष्ठ फुलबैक, हरचोवाल के राजविंदर सिंह को सर्वश्रेष्ठ मिडफील्डर, निक्के घुम्मन के जसप्रीत सिंह को सर्वश्रेष्ठ फॉरवर्ड, बाबा बकाला के कप्तान शमशेर सिंह को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया। सभी खिलाड़ियों को 10-10 हजार रुपए कैश अवॉर्ड और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। कैश अवॉर्ड व ट्रॉफी के साथ विजेता खिलाड़ी। तीसरे स्थान के मुकाबले में राउंड ग्लास निक्के घुम्मन ने राउंड ग्लास हरचोवाल को 2-1 से हराकर तीसरा स्थान हासिल किया। मैच में मनिंदर सिंह को प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया। टूर्नामेंट की चैंपियन राउंड ग्लास बाबा बकाला की टीम को 1 लाख रुपए कैश अवार्ड और ट्राफी, उप-विजेता राउंड ग्लास रूपनगर को 50 हजार कैश अवार्ड और ट्राफी, थर्ड पोजीशन वाली राउंड ग्लास निक्के घुम्मन को 25 हजार और ट्राफी देकर सम्मानित किया गया। करीब दो महीने से जारी इस हॉकी लीग में राउंड ग्लास की 20 टीमों ने पंजाब भर से हिस्सा लिया। इस मौके पर मुख्यातिथि ओलिंपियन बलजीत सिंह ढिल्लों, बलविंदर सिंह शम्मी, कर्नल बलबीर सिंह अर्जुन अवार्डी, हॉकी पंजाब के महासचिव अमरीक सिंह पवार, लखविंदर पाल खैरा, राजिंदर सिंह सीनियर, अशफाक उल्लाह खान, संजीव कुमार, के शैलेंद्र सिंह शामिल रहे। यहां बिक्रमजीत सिंह, रेनू बाला, रिपुदमन कुमार सिंह, इकबाल संधू, हरिंदर संघा, गुरप्रीत सिंह, अवतार सिंह, बलविंदर सिंह मौजूद रहे।


