रूपनगर में खैर माफिया ने काटे पेड़:वन विभान ने 26 गट्टों को किया जब्त, ग्रामीणों ने की निगरानी बढ़ाने की मांग

रूपनगर जिले के नूरपुर बेदी क्षेत्र में खैर के पेड़ों की अवैध कटाई और तस्करी में शामिल माफिया के खिलाफ पुलिस और वन विभाग ने संयुक्त कार्रवाई की है। इस कार्रवाई में तस्करी से पहले ही खैर की लकड़ी की एक बड़ी खेप जब्त की गई। यह सफलता पंजाब मोर्चा के संयोजक गौरव राणा और टेढ़ेवाल पट्टी गांव के चौधरी रोशन लाल की सूचना पर मिली। बता दे कि जतोली–टेढ़ेवाल पट्टी गांव के पास, रूड़ेवाल फीड फैक्ट्री से आगे एक सुनसान इलाके में कई दिनों से खैर के पेड़ों की अवैध कटाई चल रही थी। काटे गए खैर के गट्टों को एक जगह इकट्ठा कर रात में बाहर भेजने की योजना थी। खेतों की ओर जाते समय ग्रामीणों ने इस संदिग्ध गतिविधि को देखा और चौधरी रोशन लाल को सूचित किया, जिन्होंने तुरंत गौरव राणा को इसकी जानकारी दी। खैर के 26 कटे हुए गट्टों को किया जब्त मामले की गंभीरता को देखते हुए गौरव राणा ने पुलिस और वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित किया। सूचना मिलते ही डीएसपी आनंदपुर साहिब जशनदीप सिंह के निर्देश पर थाना नूरपुर बेदी के प्रभारी रोहित शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वन विभाग की टीम ने भी कार्रवाई करते हुए मौके से खैर के 26 कटे हुए गट्टों को जब्त कर कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी। खैर माफिया के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई वन विभाग के अधिकारी सुखबीर सिंह ने बताया कि खैर माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि यदि विभाग का कोई कर्मचारी इस मामले में लापरवाही का दोषी पाया जाता है, तो उसके खिलाफ भी कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी। रात में निगरानी बढ़ाने की मांग इस अवसर पर गौरव राणा और चौधरी रोशन लाल ने कहा कि खैर की तस्करी केवल कानून का उल्लंघन नहीं, बल्कि पर्यावरण के खिलाफ एक गंभीर अपराध है। उन्होंने जिले के सभी निकास बिंदुओं पर सख्त नाकाबंदी और रात में निगरानी बढ़ाने की मांग की।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *