रूपनगर में आज यानी मंगलवार को सड़क किनारे झाड़ियों से एक महिला का शव बरामद हुआ है। महिला का शव नग्न अवस्था में मिला है। शव की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। घटना कीरतपुर साहिब के बड़े पिंड गांव की है। सूचना मिलते ही भरतगढ़ पुलिस और कीरतपुर साहिब थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। डीएसपी और जिला पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर आए। फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए और शव का बारीकी से निरीक्षण किया। थाना प्रभारी के अनुसार मृतका की पहचान की कोशिश की जा रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि वह यहां कैसे पहुंची। शुरुआती जांच में मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। पुलिस को आपराधिक वारदात की आशंका है। जांच के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों से भी पूछताछ चल रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अगर किसी को इस महिला के बारे में कोई जानकारी हो तो वह तुरंत थाने में संपर्क करे।


