भास्कर न्यूज|लोहरदगा रूहानियत, मोहब्बत, अमन और इंसानियत के पैगाम को आम करने वाले आलमे-ए-विलायत, हज़रत बाबा दुखन शाह रहमतुल्ला अलैह के 101वें सलाना उर्स मुबारक को यादगार और पुरअमन ढंग से मनाने की तैयारियां जोरों पर हैं। इसी क्रम में उर्स मुबारक (12 से 15 जनवरी) की बरकत भरी तैयारियों को लेकर अंजुमन इस्लामिया का एक प्रतिनिधिमंडल पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू से उनके आवास पर अदब व एहतराम के साथ मुलाकात कर तफसीली बातचीत की। मुलाकात के दौरान उर्स मुबारक में होने वाली िजयारत, फातिहा, चादरपोशी, महफ़िल-ए-नात व क़व्वाली, जायरीनों की सहूलियत, साफ-सफाई, रोशनी, पानी की व्यवस्था, अमन-ओ-अमान तथा प्रशासनिक तालमेल जैसे अहम बिंदुओं पर रूहानी वातावरण में चर्चा की गई। प्रतिनिधिमंडल ने दरगाह शरीफ की ऐतिहासिक अहमियत, उर्स की रूहानी बरकतों और दूर-दराज से आने वाले जायरीनों की संख्या से अवगत कराते हुए सहयोग का निवेदन किया।


