पन्ना टाइगर रिजर्व के प्रभारी क्षेत्र संचालक को सागौन कटाई के मामले में आरोपी रेंजर को चार्जशीट न देना भारी पड़ा है। मामले में शिकायत के बाद वन बल प्रमुख ने टाइगर रिजर्व के प्रभारी क्षेत्र संचालक से तीन दिन में रेंजर को चार्जशीट नहीं दिए का कारण पूछा है। उधर, पन्ना टाइगर रिजर्व में पदस्थ क्षेत्रीय डायरेक्टर को हटाने की भी मांग कर सुप्रीम कोर्ट के आदेश के आधार पर यहां स्थायी अधिकारी की पोस्टिंग करने को कहा है। वन बल प्रमुख वीएन अंबाडे़ ने पन्ना टाइगर रिजर्व के क्षेत्र संचालक नरेश सिंह यादव को नोटिस जारी किया है। इसमें कहा है कि पन्ना टाइगर रिजर्व के बफर जोन में अजयगढ़ कटरा हार क्षेत्र में लाखों के सागौन कटाई मामले में रेंजर पन्ना बफर जोन अमर सिंह को आरोप पत्र जारी करने के निर्देश दिए थे। आरोप पत्र जारी न कर संरक्षण देने कार्य किया
टाइगर रिजर्व संचालक यादव को दिए नोटिस में कहा है कि यादव ने रेंजर अमर सिंह को आरोप पत्र जारी न कर संरक्षण देने का कार्य किया है। इस तरह की शिकायत विभाग को की गई है। अंबाड़े ने कहा है कि पन्ना टाइगर रिजर्व के संवेदनशील बफर क्षेत्र में लाखों के सागौन पेड़ कटाई मामले में पिछले वर्ष जुलाई 2025 में संरक्षण शाखा के एपीसीसीएफ द्वारा आरोपी अमर सिंह के विरुद्ध कार्यवाही के निर्देश दिए थे लेकिन टाइगर रिजर्व के क्षेत्र संचालक ने इस मामले में उचित कार्यवाही न कर पूरे केस को दबाया है। यह टाइगर प्रबंधन की शुचिता पर प्रश्न खड़े करता है। आज तक क्या कार्यवाही की गई
वन बल प्रमुख अंबाड़े ने कहा है कि इस घटना के मामले में आज तक क्या कार्यवाही की गई है? संबंधित अधिकारी कर्मचारी के विरुद्ध नियम अनुसार कार्यवाही न करने का औचित्य पूर्ण प्रतिवेदन 3 दिन में भेजें। यदि कार्यवाही की गई है तो इस संबंध में जानकारी उपलब्ध कराई जाए। आरटीआई एक्टिविस्ट ने की शिकायत
आरटीआई एक्टिविस्ट अजय दुबे ने इस मामले में वन बल प्रमुख को शिकायत की है। कहा है कि आरोपी रेंजर अमर सिंह लंबे समय से पन्ना में पदस्थ है और कई गंभीर आरोपों से चर्चा में हैं। फील्ड डायरेक्टर द्वारा दागी और विवादित रेंजर के विरुद्ध आरोप पत्र जारी न करना पन्ना टाइगर रिजर्व में गड़बड़ियों को बढ़ावा देने जैसा है। दुबे ने शिकायत में यह भी कहा है कि सुप्रीम कोर्ट ने नवंबर 2025 में जारी आदेश में कहा है कि टाइगर रिजर्व में फुल टाइम डायरेक्टर पदस्थ करना अनिवार्य है। इसलिए पन्ना टाइगर रिजर्व में वन्य प्राणी प्रबंधन के लिए योग्य अफसर पदस्थ किया जाए। दुबे ने प्रभारी फील्ड डायरेक्टर नरेश यादव को हटाने की मांग भी वन बाल प्रमुख से की है।


