भास्कर न्यूज | सुकमा कोंटा में बीते साल रेत के अवैध परिवहन को लेकर उपजे विवाद के बाद प्रशासन ने रेत के कारोबार पर रोक लगा दी थी। इसके बाद कोंटा व आस-पास के इलाकों में डंप रेत को सीज कर लिया गया था। साल बीतने के बाद कोंटा व आस-पास के इलाकों में बारिश से पहले रेत का भंडारण फिर से शुरू हो गया है। हाल ही में शिकायत के बाद खनिज विभाग ने शबरी नदी से रेत खनन कर रहे चार ट्रैक्टरों के खिलाफ कार्रवाई की है, बावजूद रेत भंडारण जारी है। कोंटा ब्लॉक मुख्यालय में ही एक दर्जन से ज्यादा जगहों पर रेत का अवैध स्टॉक किया गया है। जबकि शबरी नदी से रेत निकालने पर पर्यावरण विभाग ने रोक लगा दी है। सरकारी योजनाओं के तहत पीएम आवास के नाम पर 1800 से 2000 रुपए तक प्रति ट्रैक्टर की दर से रेत बेची जा रही है। वहीं बारिश के दिनों में नदी का जलस्तर बढ़ जाने से नदी से रेत निकालना मुश्किल हो जाता है। इस दौरान माफिया के भंडार में उपलब्ध रेत मनमानी दर पर बेचकर ज्यादा मुनाफा कमाते हैं। खनिज निरीक्षक अश्विनी झाड़ी ने बताया कि कोंटा इलाके में रेत के अवैध भंडारण की शिकायतें मिली है। जल्द ही रेत के अवैध भंडारण के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।


