दौसा की महवा थाना पुलिस ने रेप के मामले एक साल से फरार चल रहे 10 हजार के इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए अपनी पहचान छुपाकर बार-बार जगह बदल रहा था। इसके कब्जे से बाइक और मोबाइल जप्त किया है। इसके खिलाफ डकैती, चोरी, नकबजनी, अवैध हथियार व मारपीट के पूर्व के 8 मामले दर्ज हैं। थाना इंचार्ज राजेन्द्र कुमार की टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। इस संबंध में 16 सितम्बर को परिवादी ने अपनी बेटी के साथ रेप की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए गठित टीम द्वारा भिवाड़ी औद्योगिक क्षेत्र, चौपानकी व अलवर मत्स्य औद्योगिक क्षेत्र में करीब 50 फैक्ट्रियों और कम्पनियों और मजदूरों के 20-25 रेजिडेंस फ्लैटों का रिकार्ड चैक कर सूचना संकलित कर एक साल से 10 हजार रुपए के ईनामी आरोपी भरतराम मीना निवासी डीग को मत्स्य औद्योगिक क्षेत्र अलवर से गिरफ्तार किया है।


