राजसमंद में रेलमगरा थाना के नवनियुक्त थाना प्रभारी (सीआई) प्रवीण सिंह जुगरावत ने आज पदभार ग्रहण किया। पदभार ग्रहण करते हुए उन्होंने कहा कि पुलिस की पहली जिम्मेदारी पीड़ित को त्वरित न्याय दिलाना है। पुलिस जनता की सेवा के लिए है और हर सेवा समय पर व पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने क्षेत्र में बढ़ते अपराधों पर सख्त अंकुश लगाने की बात कही और स्पष्ट किया कि किसी भी आपराधिक तत्व को बख्शा नहीं जाएगा। जुगरावत ने बताया कि कस्बे में बढ़ रही यातायात समस्या और अव्यवस्थित पार्किंग को प्राथमिकता के साथ सुलझाया जाएगा, ताकि लोगों को दैनिक जीवन में परेशानी न हो। इसके साथ ही रात्रि गश्त को और प्रभावी बनाया जाएगा जिससे संपत्ति संबंधित अपराधों की रोकथाम हो सके। सीआई जुगरावत ने आमजन से अपील की कि क्षेत्र में कोई संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति दिखाई दे तो तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि समय पर कार्रवाई संभव हो सके। उन्होंने भरोसा दिलाया कि रेलमगरा थाना पुलिस हर समय जनता की सेवा और सुरक्षा में तत्पर रहेगी। साथ ही पुलिस-जन सहयोग से क्षेत्र को शांतिपूर्ण और सुरक्षित बनाने का प्रयास लगातार जारी रहेगा।


