आम बजट 2025 में रेलवे को 2.52 लाख करोड़ रुपए का आवंटन किया गया है। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव सोमवार को शाम 5 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए रेलवे से जुड़े विषयों पर जानकारी दे रहे थे। उन्होंने राजस्थान को मिले बजट और अन्य मदों पर भी विस्तार से जानकारी दी। रेलमंत्री ने बताया कि अब बजट का तरीका बदल गया है। पहले के बजट और अब के बजट में बड़ा अंतर है। किसी भी प्रोजेक्ट के लिए फंड की कोई कमी नहीं है। सरकार का फोकस रेलवे के इंफ्रास्ट्रक्चर को तेजी से मजबूत करने पर है। रेल बजट में 50 नई नमोभारत ट्रेनों की घोषणा की गई है। इसके अलावा, 100 अमृत भारत और 200 वंदेभारत ट्रेनों का संचालन किया जाएगा, जिनमें कुछ एसी और कुछ नॉन-एसी कोच होंगे। वंदेभारत स्लीपर ट्रेन का परीक्षण भी पूरा हो चुका है। रेलवे 6 नई हाइड्रोजन ट्रेनों को भी चलाने की योजना बना रहा है। वहीं, देशभर में 1,000 नए अंडरपास और फ्लाईओवर बनाए जाएंगे।


