रेलवे टिकट पर ऑपरेशन-सिंदूर का प्रचार, मोदी का फोटो:कांग्रेस बोली- सेना के पराक्रम को प्राेडक्ट जैसे बेच रहे; रेलवे ने कहा- ये सिर्फ संदेश

रेलवे रिजर्वेशन टिकट पर पीएम मोदी की फोटो के साथ ऑपरेशन सिंदूर का संदेश छापा गया है। इसे लेकर कांग्रेस ने आपत्ति जताई है। कांग्रेस ने कहा कि मोदी सरकार किस क़दर विज्ञापनजीवी है इसका उदाहरण देखिए कि रेलवे टिकट पर ऑपरेशन सिंदूर को मोदी के विज्ञापन के तौर पर इस्तेमाल किया जा रहा है। ये सेना के पराक्रम को भी प्रोडक्ट की तरह बेच रहे हैं। इनसे देशभक्ति नहीं सौदेबाज़ी ही हो सकती है। वहीं इस मामले पर रेलवे ने कहा है कि ये विज्ञापन नहीं, सिर्फ एक संदेश है। भाजपा ने कहा कि कांग्रेस सेना के शौर्य का अपमान कर रही है। ये लिखा है टिकट पर
टिकट पर लिखा है- ऑपरेशन सिंदूर ने आतंक के खिलाफ लड़ाई में एक नई लकीर खींच दी है। एक नया पैमाना, न्यू नॉर्मल तय कर दिया है। टिकट के नीचे छोटे अक्षरों में लिखा- पीएम मोदी का राष्ट्र के नाम संबोधन 12 मई 2025। बता दें कि पाकिस्तान के साथ सीजफायर के 51 घंटे बाद PM मोदी ने सोमवार रात 8 बजे देश को संबोधित किया था। अपने 22 मिनट के भाषण में प्रधानमंत्री ने पहलगाम हमला, ऑपरेशन सिंदूर, सीजफायर, आतंकवाद, सिंधु जल समझौते और PoK पर बात की थी। कांग्रेस का आरोप- सेना के अभियान को प्रचार सामग्री बनाया
पूर्व सीएम कमलनाथ के मीडिया एडवाइजर पीयूष बबेले ने कहा कि जब से भारत की सेना ने ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से पाकिस्तान के दांत खट्टे किए हैं, तब से भाजपा की कोशिश यही है कि सेना के पराक्रम और वीर सैनिकों की बहादुरी को चुनावी राजनीति के लिए कैसे भुनाया जाए। भारत में हमेशा से एक स्वस्थ परंपरा रही है कि सेना को राजनीतिक बहस से दूर रखा जाता है। लेकिन भाजपा इस परंपरा को तोड़ते हुए सेना के अभियान को भी प्रचार सामग्री बना रही है। मंत्री भी दे रहे गैर जिम्मेदाराना बयान
बबेले ने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं द्वारा पहले भी अनर्गल बयान दिए गए। किसी ने मंत्री रहते हुए तो किसी ने सांसद और विधायक रहते हुए गैर जिम्मेदाराना टिप्पणी की। यहां तक कि विदेश मंत्री तक ने ऐसा बयान दिया है जो शोभा नहीं देता, लेकिन अब तो एक कदम आगे बढ़कर भाजपा और केंद्र सरकार ने रेलवे को भी इस राजनीतिक अभियान में शामिल कर लिया है।भाजपा आगामी बिहार चुनाव को देखते हुए सेना के शौर्य का इस्तेमाल राजनीतिक लाभ के लिए कर रही है, यह गलत है। कांग्रेस ने कहा- इस पर तत्काल रोक लगानी चाहिए आईआरसीटीसी ने कहा- ये विज्ञापन नहीं
इस मामले में आईआरसीटीसी के पीआरओ वीके भट्‌टी ने कहा कि ये विज्ञापन नहीं, सिर्फ एक संदेश है। भोपाल में आईआरसीटीसी के ज्वाइंट मैनेजर टूरिज्म राजेंद्र बोरवन से भी इस मामले में संपर्क किया गया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। भोपाल रेल मंडल के डीआरएम देवाशीष त्रिपाठी ने भी मामले में कुछ भी कहने से इनकार कर दिया है। भाजपा ने कहा- कांग्रेस के पेट में दर्द क्यों?
भाजपा प्रवक्ता सत्येंद्र जैन चौधरी ने कहा- कांग्रेस हमारे सेना के शौर्य का अपमान कर रही है। ऑपरेशन सिंदूर हमारी माता-बहनों के सिंदूर उजाड़ने का प्रतिशोध था। सेना ने 100 से ज्यादा आतंकियों को मार गिराया गया। यह न्यू नॉर्मल है। यह डिफेंस सिस्टम की विजय है। कांग्रेस को इससे दुख हो रहा है। राहुल गांधी तो कहते रहे हैं कि भारतीय सेना चीन की सेना से पिट जाती है। कांग्रेस के पेट में दर्द होना स्वाभाविक है। —————- इससे जुड़ी ये खबर भी पढ़ें PM मोदी बोले- पानी और खून एक साथ नहीं बहेगा:न्यूक्लियर ब्लैकमेलिंग नहीं सहेंगे पाकिस्तान के साथ सीजफायर के 51 घंटे बाद PM मोदी ने सोमवार रात 8 बजे देश को संबोधित किया। अपने 22 मिनट के भाषण में प्रधानमंत्री ने पहलगाम हमला, ऑपरेशन सिंदूर, सीजफायर, आतंकवाद, सिंधु जल समझौते और PoK पर बात की। उन्होंने कहा कि जिन आतंकियों ने हमारी मां-बहनों का सिंदूर मिटाया, हमने उन्हें मिटा दिया। हमारे ऑपरेशन में 100 से ज्यादा खूंखार आतंकवादी मारे गए हैं। पढ़ें पूरी खबर

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *