रेलवे में अब भी बिना टिकट के बड़ी संख्या में लोग यात्रा कर रहे हैं। जिससे रेलवे के राजस्व को चूना लग रहा है और टिकट लेकर यात्रा करने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नवंबर माह में फिरोजपुर रेल मंडल में रेल अधिकारियों ने 44715 यात्रियों को बिना टिकट यात्रा करते हुए पकड़ा। फिरोजपुर रेल मंडल के अधिकारियों ने बेटिकट यात्रियों को पकड़कर उनसे 3.16 करोड़ रुपए जुर्माना वसूला। यह आंकड़ा नवंबर 2025 का है। रेल अफसरों के मुताबिक अक्तूबर की तुलना में नवंबर महीने में 19 फीसदी ज्यादा यात्री बेटिकट पकड़े गए। रेल अफसरों ने यात्रियों से अपील की है कि बेटिकट यात्रा न करें इससे उन लोगों को सबसे ज्यादा दिक्कत होती है जो टिकट लेकर यात्रा कर रहे होते हैं। उनका कहना है कि ट्रेनों में बेटिकट यात्रियों की धरपकड़ आगे भी जारी रहेगी। गंदगी फैलाने वाले 380 यात्रियों पर जुर्माना रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में गंदगी फैलाने वालों पर भी रेलवे ने सख्ती दिखानी शुरू कर दी। एक महीने में रेलवे अधिकारियों ने गंदगी फैलाने वाले 380 यात्रियों को पकड़ा और उनसे जुर्माना वसूला। सीनियर डीसीएम परमदीप सिंह सैनी ने बताया कि गंदगी फैलाने वालों पर एंटी लिटरिंग एक्ट के तहत जुर्माना किया गया। बेटिकट यात्रियों की धरपकड़ के लिए चलाया जाएगा विशेष अभियान फिरोजपुर मंडल के डीआरएम ने संजीव कुमार ने बताया कि टिकट चेकिंग अभियान जारी रहेंगे। उन्होंने कहा कि इसके लिए अभी विशेष अभियान भी चलाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि हर यात्री का कर्तव्य है कि वो टिकट लेकर ही यात्रा करे। इसके अलावा रेल परिसर व रेल के अंदर सफाई का विशेष ध्यान रखे।


