रेलवे ने साल खत्म होने से पहले ही दूसरी बार ट्रेनों का किराया बढ़ा दिया है। हालांकि रेलवे ने जुलाई की तरह किराया महज एक से दो पैसे बढ़ाया है, लेकिन लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए यह 5 से 50 रुपए महंगा होगा। जयपुर से चलने वाली लंबी दूरी की अधिकांश ट्रेनों में सफर करने वाले लोगों पर भार पड़ेगा। रेलवे ने साधारण श्रेणी (अनारक्षित कोच) के यात्रियों के 215 किलोमीटर तक यात्रा पर किराये में कोई बढ़ोतरी नहीं करने का निर्णय लिया है। इससे जयपुर से चलने वाली ट्रेनों में अजमेर, किशनगढ़, फुलेरा, सीकर, दौसा, बांदीकुई, अलवर तक वर्तमान दर ही लागू रहेगी। जयपुर जंक्शन से करीब 264 ट्रेनों का संचालन होता है। रोजाना करीब 115 ट्रेनें संचालित हो रही। इनमें से 35 से 40 ट्रेनें जयपुर से ही शुरू/समाप्त होती हैं, जबकि अन्य गुजरने वाली (पासिंग/हाल्टिंग) ट्रेनें हैं। जयपुर स्टेशन पर सालाना 4.27 करोड़ सालाना यात्रीभार रहता है। रेलवे ने किराया प्रति किलोमीटर के हिसाब से बढ़ाया है। ऐसे में जब यह किराया ट्रेन के गंतव्य तक बेसिक किराए में जुड़ेगा, तब रिजर्वेशन व सुपरफास्ट चार्ज के साथ जीएसटी की गणना होगी। रेलवे के राउंड ऑफ नियम में आने पर एक से दो रुपए की बढ़ोतरी और हो जाएगी। अजमेर, अलवर, बांदीकुई, सीकर तक सफर करने पर असर नहीं रिजर्वेशन एक्सपर्ट नीरज चतुर्वेदी ने बताया कि 251 किमी दूरी तक आने वाले स्टेशनों के लिए पुरानी दर से ही किराया लगेगा। जयपुर मंडल के अलवर, बांदीकुई, दौसा, फुलेरा, किशनगढ़, नरैना, सीकर, फतेहपुर तक यात्रियों पर किराए में बढ़ोतरी का कोई असर नहीं होगा। वहीं रेलवे द्वारा उपनगरीय और मासिक सीजन के भाड़े में बढ़ोतरी नहीं होगी। मेल-एक्सप्रेस नॉन एसी और एसी क्लास में दो पैसे प्रति किलोमीटर वृद्धि की गई है। वहीं 500 किलोमीटर तक 10 रुपए अतिरिक्त देने होंगे। 215 किलोमीटर तक साधारण श्रेणी में कोई भी वृद्धि नहीं हुई है, इसके बाद 1 रुपए प्रति किमी अतिरिक्त देने होंगे। रेलवे के हिसाब से मेल-एक्सप्रेस व अन्य ट्रेनों में एसी और नॉन एसी वाली ट्रेनों में 2 रुपए प्रति किलोमीटर की किराये की बढ़ोतरी की गई है। जयपुर मंडल से जुड़ी ट्रेनों में सबसे कम बढ़ोतरी 5 रुपए और सर्वाधिक किराया 50 रुपए रामेश्वरम, चेन्नई, बेंगलुरु, हैदराबाद जैसे स्टेशनों के लिए बढ़ेगा। साधारण श्रेणी में लंबी दूरी के 25 रुपए तक बढ़ेंगे।


