अजमेर में सुभाषनगर रेल फाटक पर एक तरफ फाटक को हटाकर दीवार बनाए जाने से स्थानीय क्षेत्रवासियों में रोष है। नगर निगम की नेता प्रतिपक्ष द्रौपदीदेवी कोली के नेतृत्व में लोगों ने विरोध प्रदर्शन कर राहत दिलाने की मांग की। क्षेत्रवासियों ने बताया कि सुभाष नगर में रेलवे फाटक एलसी-1 बंद होने के कारण पैदल आने-जाने वाले तथा विशेष तौर पर बुजुर्गों और स्कूली छात्र-छात्राओं का आना-जाना बिल्कुल बंद हो गया है। फाटक बंद होने से लगभग 10 हजार लोगों का पैदल निकलना मुश्किल हो गया है। लोगों ने बताया कि अंडरपास के अन्दर पानी का भराव होने से पैदल आने-जाने में भारी परेशानी होती है। साथ ही वाहनों के गुजरने पर भरा पानी उछलने से पैदल चलने वालों के कपड़े खराब होते हैं। अंडरब्रिज में ट्रैफिक अधिक होने के कारण पैदल चलना बहुत मुश्किल हो रहा है। अंडरब्रिज के दोनों साइड में आने-जाने के लिए फुटपाथ भी नहीं बनाया। अंडरपास में पानी जमा होने से पैदल चलना हुआ दुश्वार गया है। साथ ही अंडरब्रिज में लाइट की व्यवस्था नहीं होने के कारण दिन में भी गाड़ियों की लाइट चालू करके निकलना पड़ता है। रात्रि में तो घोर अंधेरा रहता है। इसी कारण अंडरब्रिज में दुर्घटना होने का अंदेशा बना रहता है। लोगों ने रेलवे से लोगों की परेशानी को देखते हुए आरओबी तैयार होने तक पैदल आने-जाने की व्यवस्था कराने की मांग की है। इस मौके पर पूर्व पार्षद विजय गहलोत, मोहम्मद इकरामुद्दीन (बाबू भाई), चेतन सैनी सहित अन्य क्षेत्रवासी उपस्थित थे।


