उदयपुर से जल्द ही तीसरी वंदे भारत ट्रेन शुरू किए जाने की तैयारी है। यह उदयपुर से गुजरात के असारवा के बीच चलाई जाएगी। रेलवे बोर्ड ने इसका प्रस्ताव मांगा है। बोर्ड के मौखिक आदेश पर वेस्टर्न रेलवे, मुंबई ने इसकी प्लानिंग बनाई है। सब कुछ ठीक रहा तो फरवरी माह से इसके संचालन की घोषणा हो सकती है। नई वंदे भारत ट्रेन सप्ताह में 6 दिन (मंगलवार को छोड़कर) उदयपुर-जयपुर के बीच चलाए जाने की संभावना है। यह उदयपुर से सुबह 6:10 बजे रवाना होकर सुबह 10:25 बजे असारवा पहुंचेगी। वापसी में असारवा से शाम 5:45 बजे रवाना होकर रात को 10 बजे उदयपुर पहुंचेगी। ट्रेन में 8 कोच होंगे। यह चेयरकार होगी। हालांकि, जयपुर से उदयपुर होते हुए अहमदाबाद के लिए स्लीपर वंदे भारत भी चलाई जा सकती है। बता दें कि हाल ही उदयपुर-असारवा रूट पर इलेक्ट्रिफिकेशन का काम पूरा हुआ है। इस रूट पर पहली बार 11 जनवरी से इंदौर-असारवा और 14 जनवरी से कोटा-असारवा ट्रेन का बिजली के इंजन से संचालन शुरू हुआ है। अभी उदयपुर से जयपुर के लिए (बुधवार, शुक्रवार, रविवार) और आगरा कैंट के लिए (सोमवार, गुरुवार, शनिवार) को वंदे भारत चल रही है।


