कालवाड़ थाना क्षेत्र के हाथोज इलाके में शनिवार रात एक ज्वैलर्स की दुकान पर बाइक सवार 2 बदमाशों ने बंदूक की नोक पर लूट की वारदात को अंजाम दिया। पीड़ित दुकानदार विजय कुमार सोनी ने बताया कि बाइक पर आए 2 हथियारबंद बदमाश दुकान में घुसे और बंदूक तान दी। बदमाश दुकान के काउंटर से करीब 400 ग्राम चांदी और तिजोरी की चाबी लेकर फरार हो गए। सूचना पर स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना का जायजा लिया। फिलहाल पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी खंगालने में जुटी है।
पीड़ित ने पुलिस को बताया कि वह शनिवार रात दुकान में अकेला था। इस दौरान दो बदमाश आए और कहा कि आप पहचान गए क्या। नहीं पहचाना तो पूरा सामान निकालकर हमें दे दो। इतने में कंबल ओढ़ कर खड़े दूसरे बदमाश ने दुकानदार पर बंदूक तान दी। बदमाशों ने काउंटर में रखी चांदी सहित तिजोरी की चाबी ले ली। दुकानदार के शोर मचाने पर बदमाश भाग गए। घटना की सूचना पर पुलिस ने क्षेत्र में नाकाबंदी करवाई और संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी है। वहीं, इस घटना ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय व्यापारियों ने पुलिस से सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बदमाशों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी।


