रेलवे रैक पॉइंट पर ट्रकों के लिए तोड़ा डिवाइडर:टीकमगढ़ नगर पालिका ने बुलडोजर चलाया; सड़क सुरक्षा समिति के फैसले पर अमल

टीकमगढ़ में रेलवे रैक पॉइंट पर अब ट्रक गलत दिशा (रॉन्ग साइड) से नहीं जाएंगे। यातायात को सुगम बनाने के उद्देश्य से नगर पालिका ने रेलवे पुल के पास बने डिवाइडर को तोड़ दिया है। इस कदम से रेलवे स्टेशन पर खाद और अनाज के रैक उठाने वाले ट्रकों को सीधा रास्ता मिलेगा, जिससे लगातार लगने वाले जाम और यातायात की समस्या से निजात मिलेगी। यह निर्णय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में लिया गया था, जिस पर अब अमल किया जा रहा है। सोमवार को जेसीबी मशीन की मदद से डिवाइडर को तोड़ा गया। आए दिन लगता था जाम दरअसल, टीकमगढ़ के प्लेटफॉर्म नंबर 2 पर खाद, अनाज और अन्य सामग्री के रैक लगाए जाते हैं। प्लेटफॉर्म के निर्माण से पहले, जिला न्यायालय द्वार से रेलवे पुल तक नगर पालिका द्वारा डिवाइडर का निर्माण किया गया था। इस डिवाइडर के कारण स्टेशन पर आने-जाने वाले भारी वाहनों और ट्रकों को निकलने में काफी परेशानी होती थी, जिससे आए दिन घंटों जाम की स्थिति बन जाती थी। इससे आम जनता और कार्यालय आने वाले लोग परेशान होते थे। डिवाइडर हटने से दोनों ओर से आने-जाने वाले वाहनों को सीधा रास्ता मिल जाएगा और ट्रकों की लंबी कतारें समाप्त हो सकेंगी। इससे जिला न्यायालय, संयुक्त कार्यालय सहित अन्य शासकीय विभागों में आने वाले लोगों को ट्रकों के जाम के कारण होने वाली परेशानी से भी राहत मिलेगी। इससे पहले भी डिवाइडर तोड़ने की प्रक्रिया शुरू की गई थी, लेकिन उसे रोक दिया गया था। अब समिति के निर्णय के बाद यह कार्य दोबारा शुरू किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि सड़क पर जाम की स्थिति न बने, इसके लिए यह कार्य किया जा रहा है और जल्द ही शहर की अन्य यातायात संबंधी समस्याओं का भी समाधान किया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *