बड़वानी | लोकसभा सचिवालय के अंतर्गत रेलवे संबंधी स्थायी समिति (2025-26) का एक महत्वपूर्ण अध्ययन दौरा 2 से 7 जनवरी तक आयोजित किया जा रहा है। इस अध्ययन दौरे में राज्यसभा सांसद डॉ. सुमेर सिंह सोलंकी समिति सदस्य के रूप में शामिल होंगे। यह दौरा देश के विभिन्न प्रमुख रेलवे और लॉजिस्टिक केंद्रों का प्रत्यक्ष अध्ययन करने तथा भारतीय रेल के विकास, विस्तार और आधुनिकीकरण से जुड़े विषयों पर गहन चर्चा के उद्देश्य से आयोजित किया गया है। 2 जनवरी को पुरी से दौरा शुरू होगा। विशाखापट्नम में 3 और 4 जनवरी को, 5 जनवरी को विशाखापट्नम पोर्ट के अध्ययन के बाद समिति चेन्नई पहुंचेगी। 6 जनवरी को चेन्नई में इंटीग्रल कोच फैक्ट्री के निरीक्षण, 7 जनवरी को मदुरै रेलवे स्टेशन और रामेश्वरम के पंबन रेलवे ब्रिज का निरीक्षण किया जाएगा। यह अध्ययन दौरा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय रेल को आधुनिक, सुरक्षित और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को और अधिक सशक्त करने की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस दौरान प्राप्त अनुभव और सुझाव संसद में नीतिगत विमर्श को दिशा देने में सहायक सिद्ध होंगे। राज्यसभा सांसद डॉ. सुमेर सिंह सोलंकी की सहभागिता से आदिवासी व क्षेत्रीय दृष्टिकोण से जुड़े मुद्दों को भी समिति के पास प्रभावी रूप से रखा जाएगा।


