अलवर जिले के अकबरपुर थाना क्षेत्र के गांव सूकल निवासी 48 वर्षीय एक व्यक्ति की इलाज के दौरान गुरुवार देर रात को मौत हो गई। मृतक को बुधवार को रेलवे स्टेशन परिसर से पुलिस ने अचेत अवस्था में बरामद कर जिला अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां इलाज के दौरान उसकी हालत में कोई सुधार नहीं हुआ और गुरुवार देर रात को उसने दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान रामवीर नट (48) पुत्र — निवासी गांव सूकल, थाना अकबरपुर के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी अनुसार घटना से पहले किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा रामवीर का मोबाइल फोन और कुछ नकदी लूट लिए जाने की आशंका जताई जा रही है। साथ ही बाइक से टक्कर लगने की भी संभावना है, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर अचेत हो गया था।क्योंकि उसके पास मौजूद सामान नहीं मिला और शरीर पर चोट के निशान भी थे। परिजनों ने बताया कि रामवीर जगह-जगह जा कर मांगने खाने का काम कर अपना जीवन यापन करता था और कभी अलवर तो कभी पंजाब जाकर मांगता था। उसकी तीन बहनें हैं, जिनमें से एक की पहले ही मौत हो चुकी है। शेष दो बहनों के घर वह अक्सर आता-जाता रहता था।फिलहाल पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है और मौत के कारणों की पड़ताल की जा रही है।परिजनों ने पोस्टमार्टम करवाने से मना कर दिया है।


