भास्कर न्यूज | राजनांदगांव नागपुर मंडल में शीतकालीन कोल्ड वेदर पेट्रोलिंग जारी की जा रही है। रेल यात्रियों की सुरक्षा के लिए रेलवे ट्रैक की नियमित निगरानी और मरम्मत का कार्य चल रहा है। यह विशेष गश्त मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता के निर्देशन में की जारी है, ताकि तापमान में गिरावट के दौरान भी ट्रेनों का समय पर सुरक्षित संचालन हो और रेल हादसों को रोकने के साथ यात्रियों की सुरक्षा बनी रहे। उन्होंने बताया सर्दी के मौसम में विशेषकर रात के समय तापमान में कमी के कारण रेल पटरियों में थर्मल संकुचन होता है। इससे रेल फ्रैक्चर, वेल्ड फेल्योर, हैंगिंग स्लीपर तथा बकलिंग की आशंका बढ़ जाती है इन चुनौतियों को देख मंडल प्रशासन द्वारा रेलवे ट्रैक, पुलों, पॉइंट एवं क्रासिंग्स सहित सभी संवेदनशील स्थानों पर नियमित निरीक्षण करने पेट्रोलिंग स्टाफ को तैनात किया गया है। पेट्रोलिंग कर्मी लगातार पैदल गश्त कर किसी भी प्रकार की रेल क्रैक, अनियमितता या असामान्यता का शीघ्र पता लगाते हैं। वे नियंत्रण कार्यालय के सतत संपर्क में रहते है। सुरक्षा उपकरणों का उपयोग कर ट्रैक की मरम्मत करते है। उपायों के चलते ठंड के मौसम में होने वाली संभावित खराबियों का समय रहते पता चलता है।


