गुरमीत लूथरा अमृतसर 4 दशकों से समाजसेवा में सक्रिय सुरिंदर सिंह गांधी ने 2026 की शुरुआत एक नए प्रोजेक्ट से की है। उन्होंने प्रोजेक्ट नेत्र चान्नण के तहत गुरुद्वारा बाग रामानंद साहिब में नि:शुल्क नेत्र जांच सेवा शुरू की है। निष्काम सेवा के तहत प्रतिदिन सुबह 9 से 11 बजे तक नेत्र रोग विशेषज्ञों द्वारा 10-12 मरीजों की आंखों का चेकअप किया जा रहा है और मुफ`त चश्में भी दी जा रही हैं। इसके अतिरिक्त, सुरिंदर सिंह की ओर हर माह 2 से 4 जरूरतमंद मरीजों का मोतियाबिंद का मुफ्त ऑपरेशन भी कराया जाएगा। हालांकि उन्होंने प्रोजेक्ट पर होने वाले खर्च का ब्यौरा देने से इनकार कर दिया, लेकिन अनुमान के अनुसार प्रतिदिन 10 मरीजों के चेकअप व ऐनकें वितरित करने के तहत मासिक करीब एक लाख खर्च हो सकता है। साल 2025 के दौरान सालाना प्रोजेक्ट के तहत सुरिंदर सिंह सर्दियों में रिक्शा चालकों, मजदूरों व फुटपाथों पर सोने वाले लोगों को डेढ़ लाख रुपए की टोपियां व ग्लव्स भी बांटे कर चुके हैं। सुरिंदर सिंह ने 2027 के प्रोजेक्ट का खुलासा करते हुए बताया कि परिवार के सहयोग से अंदरुन सुल्तानविंड में श्री हरमंदर साहिब आने जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए नो प्राफिट नो लॉस के आधार पर यात्री निवास खोला जाएगा। उक्त सराय में कमरे का किराया मात्र 250-300 होगा ताकि जरूरतमंद संगत भी इस सराय में रात्रि ठहराव कर सके। इसके लिए 50 गज से ज्यादा जगह की खरीद ली है। जल्द निर्माण शुरू कर दिया जाएगा। सुरिंदर सिंह ने बताया कि समाज सेवा करने के लिए दसवंध (कमाई का दसवां हिस्सा) निकालने की प्रेरणा पिता स्व. अवतार सिंह ने ही दी थी। वास्तव में दिन की शुरुआत ही श्री हरमंदर साहिब में गुरुद्वारा साहिबान के दर्शन दीदार के साथ होती थी। पिता स्व. अवतार सिंह उन्हें अपने साथ गुरुद्वारा साहिब में ले जाते थे। बचपन की बनी आदत अभी भी जारी है। अभी भी दिन की शुरुआत गुरुद्वारा साहिब के दर्शनों से ही होती है।


