सिरोही जिला मुख्यालय पर बुधवार सुबह एक तेज रफ्तार रोडवेज बस ने निजी स्कूल बस को टक्कर मार दी। यह हादसा जिला उद्योग केंद्र के सामने हुआ। इस दुर्घटना में एक छात्र घायल हो गया, जबकि बस में सवार अन्य सभी छात्र सुरक्षित बताए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार, कोतवाली थाना क्षेत्र में सुबह करीब यह घटना हुई। निजी स्कूल की बस जैसे ही मुख्य मार्ग पर पहुंची, तभी तेज रफ्तार रोडवेज बस ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक छात्र के सिर में चोट आई। हालांकि, अन्य सभी छात्र-छात्राओं को कोई गंभीर चोट नहीं लगी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूल बस का अगला कांच टूट कर बिखर गया। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाने के सूचना अधिकारी, कोतवाली पुलिस, निजी स्कूल के प्रबंधक और प्रिंसिपल मौके पर पहुंचे। सभी छात्र-छात्राओं को सुरक्षित रूप से निजी वाहनों से स्कूल परिसर पहुंचाया गया। इस मामले में स्कूल प्रशासन की ओर से थाने में कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं करवाई गई थी।


