रोड एक्सीडेंट में पांच लोगों की मौत:गुमला में अलग-अलग चार हादसे में गई जान, मृतकों में तीन युवक शामिल

गुमला जिला में बीती रात चार अलग-अलग जगह पर हुए रोड एक्सीडेंट में पांच लोगों की मौत हो गई। मृतकों में तीन युवक और दो बुजुर्ग शामिल है। घटना बांसडीह घाटी, जशपुर रोड, गुरदरी थाना क्षेत्र और तुकई बगीचा बसिया थाना क्षेत्र में हुई। मृतकों में अजय कुजूर (26), राजनाथ कोरबा (25), सुखसागर गोप (26), अजीजन खातून (65) और एडवर्ड टोपनो (66) शामिल है। पहली घटना बांसडीह घाटी के पास हुई। यहां सड़क दुर्घटना में बाइक सवार दो छात्रों की मौत हो गई जबकि एक को रिम्स रेफर किया गया है। मृतक के परिजन वीरो कोरबा ने बताया कि अजय कुजूर, रामनाथ कोरबा और विमल टोपो तीनों एक ही बाइक से गुमला से अपने गांव जा रहे थे। जहां अनियंत्रित बाइक घाटी के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस घटना में अजय कुजूर और राजनाथ कोरबा की मौत हो गई। जबकि विमल टोप्पो को सदर अस्पताल लाया गया। यहां से रिम्स रेफर कर दिया गया। परिजनों ने बताया कि अजय कुजूर और राजनाथ कोरबा दोनों गुमला के दाउदनगर में किराए के मकान में रहकर कार्तिक उरांव कॉलेज में पीजी की पढ़ाई कर रहे थे। इसके साथ ही अजय कुजूर सिसई रोड स्थित पेट्रोल पंप में काम भी करता था। जबकि राजनाथ बढ़ई मिस्त्री का कार्य करता था। वहीं दूसरी घटना में ट्रक की चपेट में आने से गंभीर रूप से जख्मी 65 वर्षीय अम्बोवा निवासी अजीजन खातून की रिम्स ले जाने के दौरान मौत हो गई। उसे एक ट्रक ने पंजाब नेशनल बैंक जशपुर रोड में धक्का मार दिया था। जबकि तीसरी घटना में डुमरी थाना क्षेत्र के एडवर्ड टोपनो अपने रिश्तेदार के घर बाइक से जा रहे थे। इस दौरान रास्ते में पेड़ से टक्कर होने की वजह से घटनास्थल पर ही उन्होंने दम तोड़ दिया। चौथी घटना कुम्हारी तुकई बगीचा बसिया थाना क्षेत्र में हुई, जहां अज्ञात ऑटो की टक्कर में कुम्हारी बाजार से लौटने के दौरान 26 वर्षीय बनतरिया बसिया निवासी सुखसागर गोप की रिम्स ले जाने के दौरान सदर अस्पताल में मौत हो गई।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *