रोपड़ में आज यानी रविवार को पुलिस ने भाजपा का विशेष सेवा कैंप रोक दिया। इस दौरान भाजपा के उपाध्यक्ष फतहजंग सिंह बाजवा और जिला प्रधान अजयवीर सिंह लालपुरा सहित कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया। बाद में देर शान उनको छोड़ दिया गया। घटना लालपुर गांव की है। बाजवा ने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार केंद्र की कल्याणकारी योजनाओं का फायदा जनता तक नहीं पहुंचा पा रही है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, आयुष्मान भारत, ई-श्रम और विश्वकर्मा योजना जैसी स्कीमें किसानों और गरीबों तक नहीं पहुंच रही हैं। इसलिए भाजपा विशेष सेवा कैंप लगा रही है। जिला अध्यक्ष लालपुरा ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी मार्च से नागरिकों का आधार नंबर और बैंक डिटेल्स गैरकानूनी तरीके से इकट्ठा कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा पारदर्शी तरीके से कैंप लगाकर लोगों को योजनाओं की जानकारी देती है। बाजवा ने सीएम मान को केजरीवाल का अनुयायी बताया। उन्होंने कहा कि वे दिल्ली के इशारों पर काम कर रहे हैं। लालपुरा ने चेतावनी दी कि अगर इस मामले पर कार्रवाई नहीं हुई तो भाजपा राज्यपाल से लेकर हाईकोर्ट तक जाएगी।


