पंजाब के गुरदासपुर और पठानकोट में लगातार हो रही बारिश से गंभीर स्थिति बन गई है। पठानकोट में रविवार को एक घर और पुल गिर गया। घर खड्डी नाले के पास था। गनीमत रही की परिवार वाले पहले ही बाहर आ गए थे। दूसरी तरफ पठानकोट-जालंधर हाईवे पर एक पुल गिर गया। दोनों घटना का वीडियो अब वायरल है। गुरदासपुर में रावी, उज्ज और चक्की नदियों में जलस्तर बढ़ने से कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात हैं। दीनानगर में रावी और उज्ज नदियों के संगम स्थल मकौड़ा पत्तन पर बाढ़ आ गई है। पाकिस्तान सीमा से लगे सात गांवों का देश के बाकी हिस्सों से संपर्क टूट गया है। ये गांव हैं – तूर, चेबे, मम्मी चक्क रंगा, भरियाल, लसियान, झूंबर और कजला। एक दो मंजिला मकान ढहा
नदी में तेज बहाव के कारण नावें भी नहीं चल पा रही हैं। इन गांवों की संपर्क सड़क जलमग्न हो गई है। झूंबर गांव में पानी घुस गया है। दो दिनों से इन गांवों में बिजली आपूर्ति भी बंद है। माधोपुर हेडवर्क्स से रावी नदी में 20 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। रणजीत सागर डैम में जलस्तर 526 मीटर तक पहुंच गया है, जो खतरे के निशान 527 मीटर से मात्र एक मीटर नीचे है। फिलहाल डैम की सभी चार यूनिट चालू हैं और बिजली उत्पादन जारी है। पठानकोट में स्थिति और भी चिंताजनक है। चक्की नदी में बाढ़ के कारण पठानकोट-जालंधर हाईवे पर बना पुराना पुल आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गया है। एक तरफ का यातायात दीनानगर की ओर मोड़ दिया गया है। खड्डी नाले में आई बाढ़ से एक दो मंजिला मकान भी ढह गया।


