फूड सेफ्टी डिपार्टमेंट की कार्रवाई में शहर के दो प्रतिष्ठानों से लिए गए रोस्टेड चने के नमूने स्वास्थ्य के लिए अत्यंत घातक पाए गए हैं। जांच के दौरान रोस्टेड चनों में कपड़े रंगने में उपयोग आने वाली डाई अखाद्य व कैंसरकारी ‘औरमाइन-ओ’ येलो डाई की पुष्टि हुई है। नमूनों में रोस्टेड चना अनसेफ तथा बादाम सब-स्टैंडर्ड प्रकृति का पाया गया। जांच में कमल ट्रेडिंग कंपनी और महेश किराना स्टोर से लिया गया रोस्टेड चना का नमूना भी अनसेफ घोषित किया गया। जांच रिपोर्ट मिलते ही हेल्थ डिपार्टमेंट ने रोस्टेड चने की बिक्री पर तत्काल प्रतिबंध लगा दिया गया। रणथंभौर रोड के कैफे रेस्टोरेंट्स से लिये सैंपल्स CMHO अनिल कुमार जैमिनी ने बताया कि आहार–मिलावट पर वार अभियान के तहत दिसंबर–जनवरी माह में विशेष अभियान चलाकर विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों से नमूने लेकर केंद्रीय जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला, जयपुर भिजवाए गए थे। प्राप्त रिपोर्ट में कमल ट्रेडिंग कंपनी से लिए गए दो नमूनों में रोस्टेड चना अनसेफ तथा बादाम सब-स्टैंडर्ड प्रकृति का पाया गया। वहीं महेश किराना स्टोर से लिया गया रोस्टेड चना का नमूना भी अनसेफ घोषित किया गया।इसी कड़ी में शुक्रवार को खाद्य सुरक्षा अधिकारी वेद प्रकाश पूर्विया एवं नितेश गौतम के नेतृत्व में कई रेस्टोरेंट व बेकरी पर निरीक्षण किया गया।रणथम्भौर रोड स्थित बेन पिज़्ज़ा रेस्टोरेंट में किचन की स्थिति अत्यंत अस्वच्छ पाई गई। यहां सड़ी-गली सब्जियां, एक्सपायरी सामग्री मिली, जिसे मौके पर ही नष्ट कराया गया। सुधार के लिए इम्प्रूवमेंट नोटिस जारी करते हुए लूज़ पनीर एवं रंग की आशंका वाली ग्रेवी के नमूने लिए गए। पूर्व में भी निरीक्षण के बावजूद सुधार न होने पर अंतिम अवसर देते हुए चेतावनी दी गई कि अगली बार कमी पाए जाने पर लाइसेंस निरस्त किया जाएगा। जिसके बाद टीम कुण्डेरा बस स्टैंड स्थित हनुमंता रेस्टोरेंट पहुंची, जहां किचन में गंदगी और रॉ मटेरियल खराब स्थिति में मिला। यहां से काजू टुकड़ी का नमूना लिया गया। रणथम्भौर रोड स्थित श्री श्रद्धा बेकरी से रेड वेल्वेट केक एवं कॉन्टिनेंटल सॉस के नमूने एनफोर्समेंट के लिए लिये गए। वहीं संपर्क पोर्टल पर प्राप्त शिकायत पर रणथम्भौर चौपटी से मैंगो शेक एवं यूज्ड रिफाइंड सोयाबीन तेल के नमूने इकट्ठा किए गए।सभी नमूनों को जांच के लिए जयपुर खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट प्राप्त होने पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी वेद प्रकाश पूर्विया, नितेश गौतम, सहायक मोहित नामा एवं गार्ड हनुमान बैरवा मौजूद रहे।


