भास्कर न्यूज | अमृतसर महाशिवरात्रि के उपलक्ष्य में लक्कड़ मंडी की गौरी शंकर सेवा दल की ओर से बाबा भोलेनाथ का समारोह करवाया गया। जिसमें दल के सभी सदस्यों ने शिव भक्तों के सहयोग से बाबा भोलेनाथ की बारात, शगुन, सहित शादी की सारी रस्में अदा कीं। वहीं दल की ओर से मां गौरां की विदाई बाबा भोलेनाथ के साथ की गई। सेवा दल के प्रधान बंटी अग्रवाल की अध्यक्षता में कराए इस समारोह के बाद अब 14 मार्च को दोनों मूर्तियां विसर्जन करने को दल के सदस्य हरिद्वार रवाना होंगे। प्रधान अग्रवाल ने बताया कि 14 मार्च होली के दिन सुबह रेलगाड़ी से 15 लोगों का जत्था बाबा भोलेनाथ और मां गौरां की मूर्तियां लेकर हरिद्वार रवाना होगा। हरिद्वार में 15 मार्च सुबह गौरी शंकर जी के साथ होली खेलते हुए हरकी पौड़ी सूरजकुंड में पंडितों द्वारा मंत्रोच्चारण और पूजा करके दोनों मूर्तियों का विसर्जन किया जाएगा। इस मौके पर भक्तजन दूसरे के साथ होली भी खेलेंगे। वापस आने पर भंडारा भी लगाया जाएगा। गौर है कि सेवा दल की ओर से पिछले कई सालों से महाशिवरात्रि पर बाबा भोलेनाथ की पूजा-अर्चना करके विवाह करवाया जाता है। यह आयोजन क्षेत्र में धार्मिक सद्भाव और एकता का प्रतीक बन गया है। इस वर्ष भी, बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने इस आयोजन में भाग लिया और भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त किया।


