लखनऊ में एक हफ्ते से नहीं निकली धूप:कोहरा छाया, गलन बढ़ी; 7 जनवरी से बढ़ेगी ठंड

लखनऊ में एक हफ्ते से कोहरा छाया है। इस मौसम में आज रविवार को सबसे घना कोहरा है। रात से कोहरे के साथ ओस की बूंदें भी पड़ रही हैं। इससे मौसम में ठिठुरन बनी है। मौसम विभाग की मानें तो तापमान में एक डिग्री सेल्सियस की कमी आई है। कोहरा छंटने के बाद अगर धूप निकलती है तो एक सप्ताह बाद लोगों को ठंड से थोड़ी राहत मिलेगी, लेकिन शाम होते ही फिर से कोहरा छाना शुरू हो जाएगा। लखनऊ में रविवार तड़के का तापमान 9 डिग्री दर्ज किया गया है। अधिकतम तापमान 18 डिग्री रहेगा। मौसम विभाग ने दोपहर तक में मौसम साफ होने की संभावना जताई है। एक सप्ताह से नहीं हुआ मौसम साफ
एक सप्ताह से लखनऊ में मौसम साफ नहीं हुआ है। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि आने वाले दिनों में मौसम में बदलाव होगा। इससे 2 दिनों में तापमान में बढ़त दर्ज की जाएगी। मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि निचले क्षोभमंडल में बनी स्थिरता के कारण पड़ रहे घने कोहरे से राजधानी लखनऊ सहित कई जगह दृश्यता शून्य हो गई थी। इसके चलते पूरे प्रदेश में कई जगह पर कोल्ड डे की स्थिति बनी रही। 7 जनवरी से फिर बदलेगा मौसम
दिन के तापमान में आई गिरावट के कारण पिछले कई दिनों से जारी शीत दिवस (कोल्ड डे) की स्थित नहीं रहेगी। अतुल कुमार सिंह ने कहा कि आगामी पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पहाड़ी क्षेत्रों से आ रही ठंडी उत्तरी-पश्चिमी हवाओं के कमजोर पड़कर पुरवा में बदल जाने के कारण तापमान बढ़ेगा, लेकिन मौसम की स्थिरता टूटने से कोहरे के घनत्व में आंशिक कमी आने , दिन और रात के तापमान में प्रभावी वृद्धि के परिणामस्वरूप 5 जनवरी से कोल्ड डे परिस्थिति से राहत मिलने की संभावना है। इस विक्षोभ के प्रभाव से 6 जनवरी को प्रदेश के पश्चिमोत्तर भाग में कहीं-कहीं बूंदा-बांदी के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। इसके बाद 7 जनवरी की सुबह से तापमान में फिर गिरावट आने तथा कोहरे में बढ़ोत्तरी होने की संभावना है। सामान्य से कम रहा पारा
लखनऊ में शनिवार को तापमान सामान्य से कम दर्ज किया गया है। अधिकतम तापमान 17.8 डिग्री रहा। यह सामान्य से 2.3 डिग्री कम रहा। न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री दर्ज किया गया। यह सामान्य से 0.8 डिग्री अधिक रहा है। अधिकतम आर्द्रता 95 फ़ीसदी और न्यूनतम आद्रता 66 फीसदी रही। दिन में शीतलहर का असर बना रहा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *