लखनऊ में नालों से मिले 2 शव:एक पूड़ी विक्रेता तो दूसरा मानसिक दिव्यांग, पुलिस जांच में जुटी

लखनऊ में नालों में 2 शव पड़े मिले। दोनों की गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। पहला मामला आशियाना इलाके का है, जहां लापता पूड़ी विक्रेता का शव नाले में मिला, जबकि दूसरा मामला वजीरगंज क्षेत्र का है, जहां कई दिनों से गुमशुदा मानसिक दिव्यांग का शव नाले में उतराता मिला। आशियाना इलाके में गुरुवार से लापता पूड़ी विक्रेता उदय कुमार पासवान (50) का शव मिला। उदय बीएसयूपी कॉलोनी, बंगला बाजार का रहने वाला था। शुक्रवार सुबह सालेहनगर तिराहे के पास उनकी दुकान के नजदीक करीब छह फीट गहरे नाले में शव पड़ा मिला। स्थानीय लोगों ने शव देखकर परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। दुकान बंद करने के बाद घर नहीं लौटा इंस्पेक्टर आशियाना छत्रपाल सिंह ने बताया- उदय गुरुवार रात दुकान बंद करने के बाद घर नहीं लौटे थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वह शराब के आदी थे। आशंका जताई जा रही है कि नशे की हालत में संतुलन बिगड़ने से वह नाले में गिर गए। हालांकि पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर हर एंगल से मामले की पड़ताल कर रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट होगा। वहीं, दूसरा मामला वजीरगंज थाना क्षेत्र का है। यहां 22 जनवरी से लापता मानसिक दिव्यांग मानवेंद्र श्रीवास्तव (48) निवासी आगामीर ड्योढ़ी, छाछी कुआं का शव शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे चौक फूलमंडी के पास नाले में उतराता मिला। शव की पहचान कपड़ों के आधार पर की गई। मृतक के भाई प्रवीण श्रीवास्तव ने बताया कि मानवेंद्र को मिर्गी के दौरे आते थे और उनकी मानसिक स्थिति भी ठीक नहीं थी। 22 जनवरी की दोपहर वह बिना बताए घर से निकल गए थे और वापस नहीं लौटे। अगले दिन मां आशा देवी ने वजीरगंज थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। शव की शिनाख्त कर परिजनों को सूचना दी चरक चौकी इंचार्ज लवनेंद्र कुमार ने शव की शिनाख्त कर परिजनों को सूचना दी। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी चौक नागेंद्र उपाध्याय ने बताया कि फिलहाल परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है। दोनों मामलों में पुलिस पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है और परिस्थितियों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *