लखनऊ में लो वोल्टेज के खिलाफ महिलाओं ने प्रदर्शन किया है। सोसाइटी के लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत के बाद भी अधिकारी समस्या का समाधान नहीं करते हैं। रायबरेली रोड स्थित एकता नगर के बिजली उपभोक्ताओं ने रविवार को पोल पर एबीसी (एरियल बंच कंडक्टर) लाइन बिछाने की मांग की। नाराज लोगो ने बताया कि जुलाई में ट्रांसफार्मर लग गया, लेकिन थ्री फेज एबीसी नहीं डाली गई। इससे पूरी कॉलोनी सिंगल फेज पर चल रही है। स्थानीय निवासी रमाकांत वर्मा ने कहा कि लो वोल्टेज के चलते आए दिन लोगों के घरों के सामान खराब हो रहे हैं। बिजली विभाग के अधिकारियों से शिकायत के बावजूद कोई एक्शन नहीं हो रहा। धर्मेंद्र कुमार का कहना है कि पिछले 3 महीने से क्षेत्र के लोग बिजली विभाग के चक्कर लगा रहे हैं बावजूद इसके कोई सुनवाई नहीं हो रही है। आरएस पटेल और एके सिंह ने बताया कि महज 25-30 मीटर केबल कार्य अधूरा होने के कारण लगभग पांच माह पूर्व लगाये गए 100 मीटर एबीसी लाइन को भी उर्जीकृत नहीं किया जा सका है। जूनियर इंजीनियर, एसडीओ से लेकर अधीक्षण अभियंता तक शिकायत कर चुके हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द एबीसी लाइन नहीं बिछाई गई तो नादरगंज अधिशासी अभियंता कार्यालय का घेराव किया जाएगा। प्रदर्शन में वासुदेव यादव, निशा वर्मा एवं विकास कुमार शामिल थे।


