लखनऊ में मंगलवार देर रात एक ट्रक सड़क किनारे खड़ी गाड़ियों पर चढ़ता चला गया। इस दौरान 3 युवक भी उसकी चपेट में आ गए। उन्हें ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया है जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने ट्रक ड्राइवर को हिरासत में ले लिया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक बेकाबू था। वह सड़क किनारे खड़ी गाड़ियों पर चढ़ता गया। लोग मेडिकल स्टोर पर खरीदारी कर रहे थे। इस वजह से बड़ा हादसा टल गया। हादसे में SGPGI के मेडिकल स्टूडेंट सूर्य प्रताप, अभिषेक और आयुष घायल हुए हैं। 3 तस्वीरें देखिए… लोग दवाइयां खरीद रहे थे लोग मेडिकल स्टोर पर दवाइयां खरीद रहे थे। हादसे में एस-क्रॉस कार (HR 26 DC 4348) भी चपेट में आ गई। कार में प्रवीण कुमार मिश्र और गौरव यादव सवार थे। इसी दौरान कार के अंदर मरीज रितेश उपाध्याय अपनी पत्नी पूजा उपाध्याय के साथ बैठे हुए थे। तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से उनकी कार में जोरदार टक्कर मार दी। गनीमत रही कि कार में बैठे पति-पत्नी दोनों पूरी तरह सुरक्षित हैं। बताया गया कि रितेश उपाध्याय वृंदावन योजना सेक्टर-12 के निवासी हैं। पीजीआई के डॉक्टर हादसे में बचे महाराजगंज निवासी डॉक्टर देवेंद्र पटेल पीजीआई के जनरल हॉस्पिटल में सर्जरी डिपार्टमेंट में हैं। वह इस हादसे में बाल-बाल बच गए। उन्होंने बुलेट यूपी 56 यू 9849 सड़क किनारे खड़ी कर श्यामा मेडिकल स्टोर पर दवा खरीद रहे थे। तभी यह हादसा हो गया। वह बच गए। उन्नाव का रहने वाला है ट्रक ड्राइवर पुलिस के अनुसार, ट्रक ड्राइवर राजेंद्र उन्नाव के पुरवा थाना क्षेत्र का रहने वाला है। वह नशे में ट्रक चला रहा था। यहां लखनऊ में देवा रोड पर किराये के घर में रहता है। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर पीजीआई कोतवाली में खड़ा करवा दिया है। इस डाला ट्रक में मौरंग लदी हुई है। प्रत्यक्षदर्शी बोले- बेकाबू था डंपर प्रत्यक्षदर्शी प्रवीण कुमार ने बताया- लोग यहां पर दवाइयां खरीद रहे थे। उसी समय बेकाबू डंपर आया। शायद उसका ड्राइवर नशे में था। उसने इतनी गाड़ियां देखकर भी रोकने की कोशिश नहीं की। 2 चारपहिया और 4-5 दोपहिया वाहनों पर उसने डंपर ट्रक चढ़ा दिया। लाइन से सबको रौंदता चला गया ट्रक प्रत्यक्षदर्शी प्रदीप मद्धेशिया ने बताया- हम लोग यहीं पर खड़े थे। ट्रक वाला आता दिखा। वह इधर को ही मुड़ता जा रहा था। पहले तो लगा कि वह सीधा निकल जाएगा लेकिन वह जब नजदीक आया तो सारी गाड़ियों को लाइन से रौंदता चला गया। मैं गोरखपुर से यहां पीजीआई में अपने संबंधी का इलाज कराने आया हूं। पुलिस के मुताबिक, इस हादसे में तीन लोग घायल हुए हैं जिनका इलाज ट्रॉमा सेंटर में किया जा रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक, तीनों की हालत खतरे से बाहर है।


